जबलपुर बड़ा फुहारा हादसा: जर्जर नहीं था मकान, पड़ोसी के मकान तोड़ने से गिरा हिस्सा, नगर निगम ने तेज किया सुरक्षा अभियान

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर बड़ा फुहारा हादसा: जर्जर नहीं था मकान, पड़ोसी के मकान तोड़ने से गिरा हिस्सा, नगर निगम ने तेज किया सुरक्षा अभियान


जबलपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। शहर के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र बड़ा फुहारा में हुई मकान ढहने की घटना को लेकर एक बड़ा हादसा टला है। प्राथमिक जांच और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, मकान जर्जर श्रेणी में नहीं था। दरअसल, पड़ोस में रहने वाले एक परिवार द्वारा नया निर्माण कार्य कराने के लिए अपने घर की दीवार तोड़ी जा रही थी। इस तोड़फोड़ के कारण मुख्य मकान के पिलर कमजोर हो गए, जिसके परिणामस्वरूप मकान के सामने का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया।

इस घटना के बाद नगर निगम प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में जबलपुर नगर निगम द्वारा जनहित और नागरिक सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभी मौके पर हालचाल जानने निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार टीम को लेकर पहुंच गए हैं।

बुधवार को महापौर और निगमायुक्त के कड़े निर्देशों के बाद नगर निगम की टीमें शहर भर में सक्रिय हो गई हैं। मॉनसून और जनसुरक्षा के मद्देनजर शहर के सभी क्षेत्रों में वास्तव में जर्जर और खतरनाक हो चुके भवनों को तेजी से चिन्हित किया जा रहा है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निगम द्वारा ऐसे मकान मालिकों को तत्काल प्रभाव से नोटिस जारी कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story