झाबुआ: रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली से जल संरक्षण

WhatsApp Channel Join Now
झाबुआ: रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली से जल संरक्षण


झाबुआ, 01 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जनजातीय बाहुल्य झाबुआ जिले के रामा जनपद अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत चुडेली में पंचायत भवन पर रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली का सफलतापूर्वक निर्माण किया गया है।

जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निर्मित यह परियोजना जल संरक्षण की दिशा में एक अनुकरणीय एवं प्रेरणादायक स्वरूप में सामने आई है। 15वें वित्त आयोग मद से लगभग 31 हजार रुपये की लागत से निर्मित यह परियोजना जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

परियोजना के संबंध में बुधवार को प्राप्त जानकारी अनुसार ग्राम पंचायत चुडेली में किए गए जल संरक्षणकारी इस कार्य के अंतर्गत पंचायत भवन की छत पर एकत्रित होने वाले वर्षा जल को वैज्ञानिक पद्धति से पाइपलाइन के माध्यम से फिल्टर चैंबर तक पहुंचाया जाता है, जहां से इसे सुरक्षित रूप से भूजल पुनर्भरण हेतु भूमि में प्रवाहित किया जाता है।

उक्त रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रणाली के निर्माण से एक तरफ जहां वर्षा का पानी व्यर्थ बहने से रोकने में सफलता मिली है, वहीं दूसरी तरफ पंचायत भवन परिसर में जलभराव की समस्या में कमी आई है तथा आसपास के क्षेत्रों में भूजल स्तर को संरक्षित एवं संवर्धित करने में भी सहायता प्राप्त हो रही है। यह पहल जल संसाधनों के सतत प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो रही है, साथ ही जल संरक्षण के प्रति स्थानीय स्तर पर सकारात्मक वातावरण निर्माण में सहायक होते हुए ग्रामवासियों में वर्षा जल संचयन के प्रति बढ़ती जागरूकता के रूप में भी देखी जा रही है। ग्राम पंचायत का यह प्रयास राज्य शासन के जल गंगा संवर्धन अभियान के उद्देश्यों की पूर्ति सहित जल संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को सुदृढ़ बनाने में भी सहायक सिद्ध होता हुआ प्रतीत होता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

Share this story