जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को लिखा पत्र, कम बारिश वाले क्षेत्रों में तत्काल राहत पैकेज घोषित करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को लिखा पत्र, कम बारिश वाले क्षेत्रों में तत्काल राहत पैकेज घोषित करने की मांग


जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को लिखा पत्र, कम बारिश वाले क्षेत्रों में तत्काल राहत पैकेज घोषित करने की मांग


भोपाल, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश में कम बारिश वाले क्षेत्रों में किसानों के लिए तत्काल राहत पैकेज घोषित करने की मांग की है। उन्होंने मंगलवार काे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर कम वर्षा वाले सभी क्षेत्रों का तहसीलवार वैज्ञानिक सर्वे कराने और प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग की।

जीतू पटवारी ने पत्र के माध्यम से कहा कि इस वर्ष प्रदेश में बारिश का वितरण असमान रहा है। इंदौर-उज्जैन सहित कई जिलों में सामान्य से कम वर्षा होने का असर खेती की नमी, खरीफ फसलों और जलस्रोतों पर पड़ सकता है। इसका प्रभाव आगामी रबी सीजन पर भी पड़ने की आशंका है।

उन्होंने सरकार से वर्षा के आंकड़ों के साथ फसल की स्थिति, मिट्टी की नमी, जलस्रोतों और भूजल स्तर का भी आकलन कराने की मांग की। पटवारी ने कहा कि सर्वे के आधार पर प्रभावित क्षेत्रों को सूखा अथवा सूखा प्रभावित घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए।

कांग्रेस की प्रमुख मांगें

फसल नुकसान का तहसीलवार सर्वे कर नुकसान के अनुपात में प्रति हेक्टेयर मुआवजा दिया जाए।

प्रभावित किसानों के फसल बीमा दावों का शीघ्र निपटारा कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

अल्पकालीन कृषि ऋण की वसूली स्थगित करने और ब्याज में राहत देने पर निर्णय लिया जाए।

आगामी रबी सीजन के लिए बीज, खाद और अन्य कृषि आदानों पर विशेष सहायता दी जाए।

प्रभावित गांवों में पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

अंतिम सर्वे पूरा होने तक किसानों को अंतरिम राहत राशि उपलब्ध कराई जाए।

जीतू पटवारी ने कहा कि कम बारिश का असर केवल वर्षा के आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे किसानों की आजीविका और आगामी कृषि सीजन प्रभावित हो सकता है। उन्होंने सरकार से जमीनी स्थिति का आकलन कर समयबद्ध तरीके से राहत उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story