मप्र सरकार फिर लेगी 1,500 करोड़ का कर्ज, जीतू पटवारी ने वित्तीय प्रबंधन पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
मप्र सरकार फिर लेगी 1,500 करोड़ का कर्ज, जीतू पटवारी ने वित्तीय प्रबंधन पर उठाए सवाल


भोपाल, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में बढ़ते कर्ज को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार लगातार नए कर्ज लेकर प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था चला रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार आगामी 1 दिसंबर को फिर 1,500 करोड़ रुपए का कर्ज लेने जा रही है। पटवारी ने बढ़ते कर्ज और उसके ब्याज के बोझ को लेकर सरकार की वित्तीय प्रबंधन क्षमता पर सवाल उठाते हुए प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की है।

जीतू पटवारी ने रविवार काे जारी अपने बयान में कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 में प्रदेश सरकार को 87 हजार करोड़ रुपए तक कर्ज लेने की सीमा मिली है। उनके अनुसार, नवंबर तक सरकार करीब 51,900 करोड़ रुपए का कर्ज ले चुकी है। अब एक बार फिर 1,500 करोड़ रुपए का कर्ज तीन किस्तों में सड़क, सिंचाई और ऊर्जा क्षेत्र के लिए लिया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था कब तक कर्ज पर निर्भर रहेगी।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार विकास और बुनियादी ढांचे के निर्माण के नाम पर कर्ज लेने का तर्क देती है, लेकिन जनता को यह भी बताया जाना चाहिए कि इस राशि का कितना लाभ वास्तव में आम लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर कर्ज का बोझ बढ़ने के साथ भविष्य में इसके ब्याज और भुगतान की जिम्मेदारी भी बढ़ेगी। पटवारी ने सरकार के इस दावे पर भी सवाल उठाए कि कर्ज की राशि स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण पर खर्च की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि पुराने कर्ज के ब्याज के भुगतान के लिए भी नए कर्ज की जरूरत पड़ रही है, तो सरकार को अपनी वित्तीय स्थिति और कर्ज के उपयोग का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करना चाहिए।

पीसीसी चीफ पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से पूछा कि प्रदेश को बढ़ते कर्ज के चक्र से बाहर निकालने के लिए सरकार की क्या ठोस रणनीति है। उन्होंने कहा कि विकास का आकलन केवल कर्ज लेने से नहीं, बल्कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, सिंचाई और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं में सुधार से होना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मांग की कि सरकार प्रदेश पर कुल कर्ज, उसके उपयोग, ब्याज भुगतान और भविष्य की वित्तीय रणनीति को लेकर श्वेतपत्र जारी करे, ताकि जनता के सामने प्रदेश की आर्थिक स्थिति की पूरी तस्वीर आ सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story