जीतू पटवारी ने विधायक मल्होत्रा मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले को बताया लोकतंत्र की जीत

WhatsApp Channel Join Now
जीतू पटवारी ने विधायक मल्होत्रा मामले में उच्चतम न्यायालय के फैसले को बताया लोकतंत्र की जीत


भोपाल, 19 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा गुरुवार काे विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक मुकेश मल्होत्रा की विधायकी बरकरार रखने के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सत्य, न्याय, लोकतंत्र और संविधान की ऐतिहासिक जीत बताया।

जीतू पटवारी ने कहा कि यह फैसला सिर्फ एक विधायक की सदस्यता बनाए रखने का निर्णय नहीं है, बल्कि जनता के जनमत और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का प्रतीक है। उन्होंने न्यायपालिका की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यह साबित हो गया कि देश में संविधान सर्वोपरि है और राजनीतिक षड्यंत्र के आगे न्याय नहीं झुकता।

भाजपा पर तीखा हमला बोला

पीसीसी चीफ पटवारी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विजयपुर में जनमत को प्रभावित करने के लिए भाजपा ने हरसंभव प्रयास किए, लेकिन अंततः सत्य की जीत हुई। उनका कहना था कि यह निर्णय उन मानसिकताओं को करारा जवाब है, जो लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ करती रही हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि यह पहला मौका नहीं है जब भाजपा के सियासी षड्यंत्र बेनकाब हुए हों। पूर्व में भी प्रदेश में जनप्रतिनिधियों को डराने और दबाव बनाने की कोशिशें सामने आई हैं।

जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान, लोकतंत्र और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए खड़ी रही है और आगे भी यह करती रहेगी। विजयपुर का यह निर्णय उन सभी ताकतों के लिए संदेश है जो लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास करती हैं। उन्होंने भाजपा से अपील की कि वह इस कानूनी सबक को याद रखे और भविष्य में लोकतांत्रिक संस्थाओं तथा जनमत का सम्मान करे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story