जीतू पटवारी ने एम्स भोपाल पहुंचकर ग्वालियर हादसे में घायलों से की मुलाकात, 25 लाख मुआवजा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
जीतू पटवारी ने एम्स भोपाल पहुंचकर ग्वालियर हादसे में घायलों से की मुलाकात, 25 लाख मुआवजा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग


भोपाल, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी गुरुवार को भोपाल स्थित एम्स पहुंचकर ग्वालियर सड़क हादसे में घायल श्रद्धालुओं से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवारों से भी चर्चा की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस दौरान उन्होंने हादसे में 16 लोगों की मौत को दुखद बताते हुए घटना के लिए प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए और मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।

जीतू पटवारी ने कहा कि इस हादसे ने कई परिवारों को गहरा दुख पहुंचाया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए एयरलिफ्ट करना पड़ा। उन्होंने कहा कि घटना की परिस्थितियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि हादसे के कारणों का पता चल सके और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मध्य प्रदेश में हाल के दिनों में हुई विभिन्न घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत, बालाघाट हादसा, इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतें, सागर का शराब कांड, ग्वालियर सड़क हादसा और बैतूल में खाटू श्याम दर्शन के लिए जा रहे परिवार के साथ हुई दुर्घटना जैसी घटनाएं नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाती हैं। उन्होंने सरकार से इन मामलों में प्रभावित परिवारों को उचित सहायता, बेहतर उपचार और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।

पटवारी ने कहा कि ग्वालियर हादसे में मृतकों के प्रत्येक परिवार को कम से कम 25-25 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाना चाहिए। घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी सरकार को उठाना चाहिए। उनके अनुसार, पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी हादसे के बाद राहत देने तक सीमित नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं और प्रशासनिक जवाबदेही को मजबूत करना भी जरूरी है। उन्होंने मांग की कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जिम्मेदारी तय की जाए और सुरक्षा व्यवस्था में कमियों को दूर किया जाए।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, संगठन उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, पूर्व प्रवक्ता अभिनव बरोलिया, महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष विभा पटेल, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष अभिषेक परमार, जिला संगठन महामंत्री अभिषेक शर्मा सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764850 Articles

Share this story