जीतू पटवारी का प्रशासनिक अव्यवस्था और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर हमला, गंभीर आराेप लगाए

WhatsApp Channel Join Now
जीतू पटवारी का प्रशासनिक अव्यवस्था और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर हमला, गंभीर आराेप लगाए


भोपाल, 15 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर प्रशासनिक अव्यवस्था, शिक्षकों के हितों की अनदेखी और युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का प्रशासनिक ढांचा कमजोर होता जा रहा है और सरकार कर्मचारियों व युवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों में स्पष्ट नीति प्रस्तुत करने में असफल रही है।

जीतू पटवारी ने शुक्रवार काे मीडिया काे जारी अपने बयान में कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा बड़ी संख्या में शिक्षकों को अपना कर्मचारी नहीं मानने का मामला बेहद गंभीर है। उनके अनुसार, इस स्थिति से शिक्षकों की पुरानी पेंशन, सेवा सुरक्षा और वरिष्ठता जैसे अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि शिक्षकों की सेवा पुस्तिका, पेंशन और वरिष्ठता को लेकर तत्काल स्थिति स्पष्ट की जाए तथा उनके अधिकार सुरक्षित किए जाएं। उन्होंने कहा कि वर्षों से शिक्षा व्यवस्था संभाल रहे शिक्षक आज अपने भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति में हैं। कांग्रेस नेता ने इसे प्रशासनिक लापरवाही बताते हुए कहा कि सरकार को संवेदनशीलता के साथ इस विषय का समाधान करना चाहिए।

रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए पीसीसी चीफ पटवारी ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने दावा किया कि लाखों युवाओं ने रोजगार पोर्टल पर पंजीकरण कराया है, जिससे रोजगार की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बड़ी संख्या में पद समाप्त कर युवाओं के रोजगार के अवसर कम किए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर रोजगार मेलों और योजनाओं का प्रचार कर रही है, वहीं दूसरी ओर रिक्त पदों को भरने और नए अवसर सृजित करने में अपेक्षित कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। पटवारी ने मांग की कि समाप्त किए गए पदों को पुनः बहाल किया जाए और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ठोस नीति बनाई जाए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी शिक्षकों, कर्मचारियों और बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी तथा उनके अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से सड़क से सदन तक लड़ेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story