नरसिंहपुरः जुआ-सट्टा और शराब के खिलाफ जनआक्रोश, सड़कों पर उतरे लोग
नरसिंहपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के विरोध में बुधवार को जनआक्रोश खुलकर सामने आया। जन एकता समिति के आह्वान पर बड़ी संख्या में नागरिक सड़कों पर उतरे और सट्टा, जुआ, अवैध शराब सहित स्मैक व गांजा जैसे मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से इन अवैध धंधों का संचालन बेखौफ जारी है, जिससे अपराधों में लगातार इजाफा हो रहा है। चोरी, लूटपाट और अन्य असामाजिक घटनाओं की बढ़ती संख्या ने आमजन में असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। नागरिकों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदारों द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही, जिससे अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।
आक्रोशित लोगों ने नगर के प्रमुख मार्गों से रैली निकालते हुए थाना पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। यहां उन्होंने एसडीओपी के नाम ज्ञापन सौंपकर अवैध मादक पदार्थों और सट्टा-जुआ के कारोबार पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। जन एकता समिति के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही इन गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने साफ कहा कि आवश्यकता पड़ने पर धरना-प्रदर्शन के साथ उग्र आंदोलन भी किया जाएगा। साथ ही प्रशासन से क्षेत्र में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / भागीरथ तिवारी

