राजगढ़ःजिले में यूसीसी विषय पर उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित
राजगढ़, 31 मई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में रविवार को जिला पंचायत सभागार में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में सुझाव और विचार प्राप्त करने के लिए गठित उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लेकर अपने सुझाव रखे।
बैठक को संबोधित करते हुए समिति सदस्य प्रोफेसर गोपाल शर्मा ने कहा कि यूसीसी जैसे महत्वपूर्ण विषय पर समाज के सभी वर्गों की राय लेना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि भारतीय संविधान के नीति निदेशक तत्वों के अनुच्छेद-44 में समान नागरिक संहिता का उल्लेख किया गया है। इसका उद्देश्य विभिन्न समुदायों के विचारों को शामिल कर समावेशी और न्यायसंगत व्यवस्था तैयार करना है। प्रो. शर्मा ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा और लैंगिक समानता सुनिश्चित करने में यूसीसी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने बताया कि विवाह की न्यूनतम आयु, एक से अधिक विवाह, संपत्ति में समान अधिकार और उत्तराधिकार जैसे विषय इसके दायरे में आते हैं। नागरिक अपने सुझाव शासन के पोर्टल पर भी दर्ज करा सकते हैं। बैठक में प्रतिभागियों ने सुझाव दिया कि यूसीसी को संविधान की मूल भावना और समानता के सिद्धांत को केंद्र में रखकर लागू किया जाना चाहिए। कई वक्ताओं ने कहा कि यदि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) पूरे देश में समान रूप से लागू हो सकती है तो पारिवारिक कानूनों में भी एकरूपता संभव है। वन स्टॉप सेंटर की प्रतिनिधियों ने महिलाओं की काउंसलिंग के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कई मामलों में महिलाओं के अधिकारों के संरक्षण के लिए समान और न्यायसंगत कानूनी व्यवस्था की आवश्यकता महसूस होती है।
बैठक में प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने कहा कि समान नागरिक संहिता वर्तमान समय की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी नागरिकों के लिए समानता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रही है। बैठक के अंत में कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा ने प्राप्त सुझावों को समिति तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। बैठक में विधायक अमरसिंह यादव, हजारीलाल दांगी, भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले,अपर कलेक्टर प्रतापसिंह चैहान,एएसपी केएल.बंजारे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

