राजगढ़ः जिला स्तरीय आयोजन में भाषण, वाद-विवाद में विद्यार्थियों ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः जिला स्तरीय आयोजन में भाषण, वाद-विवाद में विद्यार्थियों ने किया प्रदर्शन


राजगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजगढ़ में बुधवार को जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाषण, वाद-विवाद, पोस्टर, कोलाज और रंगोली प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित युवा उत्सव में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी रचनात्मकता व अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया। इन विद्यार्थियों ने हासिल किया प्रथम स्थान रंगोली में नरसिंहगढ़ महाविद्यालय के विशाल सेन, पोस्टर में जीरापुर महाविद्यालय के जय पाटीदार और कोलाज में राजगढ़ के शासकीय व्यावसायिक महाविद्यालय की नौशीन खान प्रथम रहीं। हिंदी वाद-विवाद में पक्ष से राजगढ़ महाविद्यालय के तुषार साहू और विपक्ष से आनंद शर्मा ने पहला स्थान हासिल किया। हिंदी वक्तव्य में भी आनंद शर्मा प्रथम रहे।

अंग्रेजी वक्तव्य और वाद-विवाद के पक्ष में सारंगपुर महाविद्यालय की मीनल जैन ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंग्रेजी वाद-विवाद के विपक्ष में राजगढ़ महाविद्यालय के जतिन सिंह सोनगरा विजेता रहे। महाविद्यालय और जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों सहित सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य डॉ. खरे ने कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, आत्मविश्वास और प्रतिभा संवर्धन का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास कर उच्च स्तर पर प्रतिभा दिखाने के लिए प्रेरित किया। आयोजन का संयोजन जिला नोडल अधिकारी डॉ. शैलेंद्र मेवाड़ा ने किया, जबकि संचालन डॉ. आराधना यादव ने किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story