झाबुआ: जिला न्यायाधीश ने कहा- जीवन में नई शुरुआत के लिए सदैव उपलब्ध रहते हैं अवसर
झाबुआ, 16 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार न्यायोत्सव, विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अंतर्गत जिला जेल में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में सोमवार को विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
आयोजित शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी जयदेव माणिक, एलएडीसीएस अधिवक्ता रूपेश शर्मा, विश्वास शाह, जेल अधीक्षक सुजित खरे, जेल स्टॉप एवं प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहें।
शिविर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश आशिता श्रीवास्तव ने बंदियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि न्याय प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है तथा किसी भी व्यक्ति को विधिक जानकारी एवं सहायता के अभाव में न्याय से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बंदियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, न्यायालयीन प्रक्रिया में सहयोग करने तथा जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सुधार और नई शुरुआत के लिए सदैव अवसर उपलब्ध रहते हैं। बंदियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं रिहाई के पश्चात् समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जीने का प्रयास करना चाहिए।
शिविर में बंदियों को उनके लंबित प्रकरणों की स्थिति, न्यायालयीन कार्यवाही, निःशुल्क विधिक सहायता एवं पात्रतानुसार अधिवक्ता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही बंदियों के विधिक अधिकारों, निष्पक्ष सुनवाई, मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन तथा रिहाई के पश्चात पुनर्वास एवं सामाजिक पुनर्स्थापन के विषयों पर भी जागरूक किया गया, तथा प्राधिकरण की विभिन्न योजनाओं एवं विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया बताई गई।
शिविर के पश्चात् प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा जिला जेल का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने पुरुष एवं महिला बैरकों में जाकर बंदियों से संवाद किया तथा उनके प्रकरणों, विधिक सहायता, भोजन, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की, साथ ही भोजन की गुणवत्ता, डॉक्टर एवं चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता, रहने की व्यवस्था, मनोरंजन के साधनों तथा जेल परिसर की साफ-सफाई एवं स्वच्छता का भी जायजा लिया।
उल्लेखनीय है कि आयोजित शिविर के माध्यम से बंदियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना, निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना तथा उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन एवं पुनर्वास की भावना को प्रोत्साहित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

