राजगढ़ः कलेक्टर ने जिला जेल का किया आकस्मिक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः कलेक्टर ने जिला जेल का किया आकस्मिक निरीक्षण


राजगढ़, 03 सितम्बर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने गुरुवार को जिला जेल का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी भी उनके साथ मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जेल की व्यवस्थाओं, बंदियों से संबंधित अभिलेखों और परिजनों के लिए संचालित मुलाकात व्यवस्था का जायजा लिया। कलेक्टर ने ई-प्रिजन एप एवं पोर्टल पर दर्ज बंदियों से संबंधित जानकारी का अवलोकन किया। उन्होंने दैनिक एवं मासिक गोशवारा की जानकारी लेते हुए अभिलेखों के संधारण की स्थिति देखी।

पैरोल से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि पैरोल प्रकरणों में बंदियों की आधार कार्ड एवं समग्र आईडी संबंधी जानकारी अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने जेल में बंदियों से मुलाकात के लिए आने वाले परिजनों की प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि मुलाकात के लिए आने वाले आवेदकों की एंट्री किस प्रकार की जाती है और मुलाकात पास बनाने की प्रक्रिया क्या है। इसके अलावा आवेदन पत्र एवं निर्धारित शुल्क सहित पूरी प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने मुलाकात के लिए प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया का अवलोकन कर व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने महिला मुलाकात कक्ष और जाली कक्ष का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि बंदियों और उनके परिजनों के लिए निर्धारित नियमों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही जेल से संबंधित सभी अभिलेखों एवं प्रक्रियाओं का नियमानुसार संधारण किया जाए, ताकि व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story