जिला बार एसोसिएशन चुनाव: मनीष मिश्रा दोबारा बने अध्यक्ष, कोर्ट परिसर में जश्न

WhatsApp Channel Join Now
जिला बार एसोसिएशन चुनाव: मनीष मिश्रा दोबारा बने अध्यक्ष, कोर्ट परिसर में जश्न


जबलपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में अधिवक्ताओं ने एक बार फिर मनीष मिश्रा पर भरोसा जताते हुए उन्हें लगातार दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित किया है। कड़े मुकाबले और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुए चुनाव के परिणाम घोषित होते ही जिला न्यायालय परिसर में जश्न का माहौल बन गया।

परिणामों की घोषणा के बाद अधिवक्ताओं और समर्थकों ने आतिशबाजी कर जीत का उत्सव मनाया। ढोल-नगाड़ों की धुन पर समर्थक झूमते नजर आए, जबकि वरिष्ठ अधिवक्ताओं और शुभचिंतकों ने मनीष मिश्रा का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें बधाई दी।

अध्यक्ष पद पर दोबारा निर्वाचित होने के बाद मनीष मिश्रा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, अधिवक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना तथा बार एसोसिएशन के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करना होगी।

बुधवार को चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद बार एसोसिएशन के अन्य पदों पर विजयी प्रत्याशियों को भी बधाई देने वालों का तांता लगा रहा और पूरे न्यायालय परिसर में उत्साह का माहौल बना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story