राजगढ़ः जिला अस्पताल में ‘रक्तदान शिविर का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः जिला अस्पताल में ‘रक्तदान शिविर का आयोजन


राजगढ़, 17 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को जिला अस्पताल राजगढ़ में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में सांसद रोडमल नागर, विधायक अमरसिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर, पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा व प्रताप मंडलोई, कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने रक्तदान किया। इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए।

रक्तदान के दौरान लोगों ने कहा कि रक्त की एक बूंद किसी जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद बन सकती है। नागरिकों से भी रक्तदान शिविरों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आह्वान किया गया।

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिविल अस्पताल, जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग को इन शिविरों के आयोजन के लिए नोडल विभाग बनाया गया है। व्यवस्थाओं के लिए ब्लड बैंक, रेडक्रॉस और मेडिकल कॉलेज से समन्वय किया जाएगा। शिविरों में डॉक्टर, पैरामेडिकल टीम, रक्तसंग्रह वाहन और आवश्यक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रहेगी।

शिविर में रक्तदाताओं का पंजीयन क्यूआर कोड स्कैन कर ई-रक्तकोष पोर्टल के माध्यम से किया गया। रक्तदान के बाद प्रमाण-पत्र भी मोबाइल पर डिजिटल रूप से उपलब्ध कराए गए। रक्तदाताओं को फल और जूस भी वितरित किया गया।इस मौके पर सांसद रोडमल नागर ने कहा कि देशसेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सभी को सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से सेवा और जनकल्याण के आयोजनों से जुड़ने तथा सामूहिक ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रमों में सहभागिता करने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story