सागर: जिला अधिवक्ता संघ चुनाव 2026 की अधिसूचना जारी, 11 अगस्त तक जमा होंगे नामांकन, 21 को मतदान

WhatsApp Channel Join Now
सागर: जिला अधिवक्ता संघ चुनाव 2026 की अधिसूचना जारी, 11 अगस्त तक जमा होंगे नामांकन, 21 को मतदान


सागर, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव-2026 की आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। निर्वाचन अधिकारी के.पी. दुबे (एडवोकेट) द्वारा शुक्रवार को जारी अधिसूचना के अनुसार संघ के विभिन्न पदों के लिए चुनावी प्रक्रिया 8 अगस्त से शुरू होकर 22 अगस्त तक चलेगी।

उप निर्वाचन अधिकारी महेश नेमा (एडवोकेट) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे निर्वाचन कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया 8 अगस्त से प्रारंभ होकर 11 अगस्त 2026 तक चलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी शासकीय अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक चुनाव कार्यालय से नामांकन पत्र प्राप्त एवं जमा कर सकेंगे।

विभिन्न पदों के लिए नामांकन शुल्क अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महिला कोषाध्यक्ष एवं पुस्तकालयाध्यक्ष: ₹7,000, सचिव, सह-सचिव एवं सह-कोषाध्यक्ष: ₹5,000, कार्यकारिणी सदस्य: ₹2,000, अतिरिक्त शुल्क: अतिरिक्त नामांकन पत्र का शुल्क ₹100 तथा अतिरिक्त मतदाता सूची का शुल्क ₹200 निर्धारित किया गया है।

नामांकन पत्रों की संवीक्षा (Scrutiny): 12 अगस्त को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक की जाएगी। नाम वापसी: 13 अगस्त को दोपहर 3 बजे से शाम 4 बजे तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। वैध प्रत्याशियों की घोषणा: 13 अगस्त को ही शाम 4 बजे के बाद चुनावी मैदान में डटे वैध प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

पोस्टल बैलेट आवेदन: 14 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक पोस्टल बैलेट के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। एकमंचीय कार्यक्रम: 18 अगस्त को संघ द्वारा एकमंचीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जहाँ प्रत्याशी अपना पक्ष रखेंगे। पोस्टल बैलेट मतदान: 20 अगस्त को प्रातः 11 बजे से शाम 4 बजे तक चुनाव कार्यालय में पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान कराया जाएगा।

मुख्य मतदान 21 अगस्त 2026 (शुक्रवार) को प्रातः 9 बजे से शाम 5 बजे तक सिविल कोर्ट सागर स्थित बाररूम क्रमांक-1 में आयोजित होगा। इसके अगले दिन यानी 22 अगस्त 2026 को प्रातः 9 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी, जिसके पूरा होते ही विजयी प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story