झारखंड के छात्रों पर चुप्पी, दिल्ली के छात्रों पर झूठे आरोप, राहुल गांधी का दोहरा मापदंड: हेमंत खण्डेलवाल

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड के छात्रों पर चुप्पी, दिल्ली के छात्रों पर झूठे आरोप, राहुल गांधी का दोहरा मापदंड: हेमंत खण्डेलवाल


भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने प्रदेश कार्यालय में पत्रकार-वार्ता को संबोधित किया

भोपाल, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने राहुल गांधी पर संसद की कार्यवाही बाधित करने और छात्रों के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।

मंगलवार को राजधानी भाेपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार-वार्ता में खण्डेलवाल ने कहा कि यदि राहुल गांधी को वास्तव में देश के मुद्दों पर चर्चा करनी है और सरकार से सवालों के जवाब चाहिए, तो उन्हें संसद की कार्यवाही चलने देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा राहुल गांधी को सीधी चुनौती देती है कि वे सदन का सामना करें। केंद्र सरकार हर विषय पर चर्चा के लिए तैयार है और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी सदन में हर सवाल का जवाब देने को तैयार हैं।

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि राहुल गांधी लगातार नए मुद्दे और नए आरोप उठाकर संसद की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं। पहले शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की गई, फिर नीट और पेपर लीक के मुद्दे पर चर्चा की मांग उठाई गई। सरकार ने इन विषयों पर चर्चा के साथ पेपर लीक के खिलाफ कानून को भी सख्त किया। अब जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री से सदन में बयान की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पहले दिन से स्पष्ट कर रही है कि विपक्ष सदन को सुचारू रूप से चलने दे और गृह मंत्री हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं, इसके बावजूद राहुल गांधी चर्चा से पीछे हट रहे हैं।

छात्रों के मुद्दे पर राहुल गांधी दोहरा मापदंड अपना रहे

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर छात्रों के मुद्दे पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी सक्रियता दिखा रहे हैं, लेकिन कांग्रेस की सहयोगी झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार वाले झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान कथित लाठीचार्ज, आंसू गैस, वाटर कैनन और कंटीले तारों के इस्तेमाल पर वे मौन हैं। खण्डेलवाल ने कहा कि यदि राहुल गांधी वास्तव में छात्रों के हितों को लेकर गंभीर हैं, तो उन्हें झारखंड के छात्रों की आवाज भी उठानी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि क्या छात्रों के मुद्दों पर भी कांग्रेस ने राजनीतिक सुविधा के आधार पर अलग-अलग मापदंड तय कर रखे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी छात्रों के हितों की आड़ में राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहे हैं।

‘हर दिन बदल रहा गोलपोस्ट, चर्चा हुई तो सामने आएगी सच्चाई’

हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पिछले कई दिनों से देश देख रहा है कि राहुल गांधी अलग-अलग आरोप लगाकर संसद की कार्यवाही को बाधित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का हर दिन नया मुद्दा और नया आरोप सामने आ रहा है। उनके अनुसार, विपक्ष का सवाल पूछना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन सरकार के जवाब को सुनना भी उसकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार अपना ‘गोलपोस्ट’ बदल रहे हैं, क्योंकि उन्हें आशंका है कि यदि सदन में चर्चा हुई और सरकार ने हर सवाल का जवाब दिया तो उनके आरोपों की वास्तविकता सामने आ जाएगी। खण्डेलवाल ने कहा कि संसद देश की जनता की आवाज है और इसे राजनीतिक स्वार्थ के लिए बंधक नहीं बनाया जा सकता।

‘जंतर-मंतर पर गोली चलने का दावा गलत और भ्रामक’

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने राहुल गांधी के जंतर-मंतर पर गोली चलने संबंधी आरोप को भी गलत और भ्रामक बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सदन में सवालों के जवाब देने के लिए तैयार हैं। इसके बावजूद राहुल गांधी ने फिर अपना मुद्दा बदल दिया।

खण्डेलवाल ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन सवाल पूछने के बाद जवाब सुनना भी उसकी जिम्मेदारी है। संसद को लगातार बाधित करना, मुद्दे बदलना और चर्चा से बचना लोकतांत्रिक व्यवस्था की गरिमा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी से आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर सदन में चर्चा का सामना करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार छात्रों के भविष्य और उनके हितों को लेकर गंभीर है तथा पेपर लीक जैसे मामलों पर कड़े कानून बनाए गए हैं। इसके विपरीत, उनके आरोप के अनुसार, कांग्रेस छात्रों के मुद्दों को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है। खण्डेलवाल ने कहा कि अब राहुल गांधी को तय करना चाहिए कि उन्हें वास्तव में चर्चा चाहिए या केवल हंगामा और राजनीति करनी है। सरकार हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है और विपक्ष को सदन में आकर चर्चा में भाग लेना चाहिए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल सहित मीडिया विभाग के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story