झाबुआः मंत्री निर्मला भूरिया ने किया खरडू बैराज का भूमि पूजन
- क्षेत्र के 280 हेक्टेयर में सिंचाई सुविधा होगी सुदृढ़
झाबुआ, 05 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने रविवार को झाबुआ जिले के ग्राम खरडू छोटी में बैराज निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया।
इस अवसर पर बताया गया कि जल संसाधन विभाग द्वारा 465.45 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाली यह महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजना पूर्ण होने पर लगभग 280 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराएगी। इससे न केवल क्षेत्र में कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी, बल्कि किसानों को वर्षभर खेती करने में सहूलियत मिलेगी और उनकी आय में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।
मंत्री निर्मला भूरिया कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य शासन द्वारा वर्ष 2026 को “कृषि कल्याण वर्ष” के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत किसानों की आय वृद्धि, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार एवं कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण एवं ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। सिंचाई सुविधाओं का विस्तार ही कृषि समृद्धि का आधार है और सरकार द्वारा ऐसे कई कार्य किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को प्राकृतिक परिस्थितियों पर निर्भर न रहना पड़े।
उन्होंने कहा कि यह बैराज निर्माण कार्य क्षेत्र में जल संरक्षण को बढ़ावा देगा, भूजल स्तर में सुधार लाएगा तथा भविष्य में जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मंत्री ने उपस्थित किसानों से संवाद करते हुए शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया तथा आश्वस्त किया कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर सरपंच सविता अमनसिंह मेड़ा, मंडल अध्यक्ष राजेश पारगी, जिला पंचायत सदस्य वालसिंह मसानिया, चीतु सिंह मेड़ा, ओकार सिंह डामोर एवं दिलीप डावर सहित जनप्रतिनिधि एवं कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग विपिन पाटीदार, अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

