जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री को भेजे सात सुझाव, किसानों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं को राहत देने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री को भेजे सात सुझाव, किसानों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं को राहत देने की मांग


भोपाल, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शुक्रवार काे दीपावली और धनतेरस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रदेश के किसानों, छोटे व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं, ग्रामीण श्रमिकों और पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक राहत देने के लिए सात सुझाव दिए हैं। उन्होंने सरकार से इन सुझावों पर विचार कर संबंधित वर्गों के हित में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है।

जीतू पटवारी ने पत्र में कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी व्यापक होंगी, जब समाज के सभी वर्ग आर्थिक रूप से सुरक्षित और सक्षम होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नागरिक अपनी सामर्थ्य के अनुसार त्योहार मनाने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में सरकार का ध्यान उन उपायों की ओर आकर्षित करना जरूरी है, जिनसे किसानों से लेकर छोटे कारोबारियों और श्रमिकों तक को राहत मिल सके।

किसानों को एमएसपी पर समय पर भुगतान का सुझाव

पीसीसी चीफ पटवारी ने किसानों की उपज, विशेषकर सोयाबीन और धान की खरीदी पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और घोषित बोनस का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने खरीदी केंद्रों पर भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी बनाने और उपज की राशि 48 घंटे के भीतर किसानों के खातों में पहुंचाने का सुझाव दिया है।

छोटे कारोबारियों के लिए ब्याजमुक्त ऋण

छोटे व्यापारियों, स्थानीय बाजारों, कुम्हारों और हस्तशिल्पियों को आर्थिक संबल देने के लिए आसान शर्तों पर ब्याजमुक्त ऋण अथवा विशेष अनुदान योजना शुरू करने की बात कही है। इसके साथ ही घरेलू उपयोग की वस्तुओं और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर स्थानीय करों एवं उपकर में राहत देने का सुझाव भी दिया है।

लाड़ली बहनों की राशि बढ़ाने और रोजगार कैलेंडर की मांग

महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए जीतू पटवारी ने लाड़ली बहना योजना की सहायता राशि में समयबद्ध वृद्धि करने और योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने की मांग की है। वहीं, युवाओं के लिए लंबित सरकारी भर्तियों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और नियमित भर्ती प्रक्रिया के लिए रोजगार कैलेंडर लागू करने का सुझाव दिया है।

कुम्हारों और पारंपरिक कारीगरों को सहायता

दीपावली पर मिट्टी के दीये और अन्य पारंपरिक उत्पाद बनाने वाले कुम्हारों तथा माटी कला बोर्ड से जुड़े कारीगरों को 10 हजार रुपए तक की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खातों में देने का प्रस्ताव रखा है। उनका कहना है कि इससे पारंपरिक कारीगरों को त्योहार के दौरान आर्थिक मदद मिल सकेगी।

बिजली बिल और ग्रामीण मजदूरी का मुद्दा भी उठाया

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने छोटे दुकानदारों और घरेलू उपभोक्ताओं के बिजली बिलों पर लगने वाले विलंब शुल्क और सरचार्ज में त्योहारी राहत देने की मांग की है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के तहत लंबित मजदूरी का भुगतान तत्काल कराने का सुझाव दिया है, ताकि ग्रामीण श्रमिकों को आर्थिक परेशानी से राहत मिले और रोजगार के अभाव में होने वाले पलायन को कम किया जा सके।

लोक कलाकारों के लिए प्रोत्साहन पैकेज

प्रदेश की कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय लोक कलाकारों और सांस्कृतिक कर्मियों के वास्ते विशेष प्रोत्साहन पैकेज घोषित करने की बात भी पत्र में कही गई है। पटवारी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि इन सुझावों पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक निर्णय लिए जाएं। उन्होंने कहा कि दीपावली खुशहाली, समृद्धि और सामाजिक सद्भाव का पर्व है। सरकार की नीतियों का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे, इसके लिए किसानों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं और श्रमिकों की आर्थिक जरूरतों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773520 Articles

Share this story