मप्रः जीतू पटवारी के बयान को लेकर भाजपा ने निर्वाचन आयोग से की शिकायत

WhatsApp Channel Join Now
मप्रः जीतू पटवारी के बयान को लेकर भाजपा ने निर्वाचन आयोग से की शिकायत


दतिया उपचुनाव में प्रचार पर रोक लगाने की मांग, लगाए आचार संहिता उल्लंघन के आरोप

भोपाल, 27 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान दिए गए कथित बयान को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त से साेमवार काे शिकायत की है। भाजपा ने निर्वाचन आयोग से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने और चुनाव प्रचार की शेष अवधि के दौरान जीतू पटवारी के दतिया विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश एवं प्रचार पर रोक लगाने की मांग की है।

भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया कि चुनावी सभा के दौरान जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और शासकीय संस्थाओं को लेकर तथ्यहीन एवं आपत्तिजनक बयान दिए। भाजपा ने इन बयानों को निराधार और भ्रामक बताते हुए कहा कि इससे मुख्यमंत्री की छवि प्रभावित करने का प्रयास किया गया है और सरकारी संस्थाओं की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए गए हैं।

भाजपा नेताओं का कहना है कि इस तरह के बयानों से मतदाताओं के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है और चुनावी माहौल प्रभावित हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह बयान आदर्श आचार संहिता की भावना के विपरीत है। भाजपा ने निर्वाचन आयोग से मांग की है कि शिकायत की तत्काल जांच कर उचित कार्रवाई की जाए। पार्टी का कहना है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि मतदाता बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story