राजगढ़ः जनविश्वास शिविर में मंत्री टेटवाल ने सुनीं समस्याएं
राजगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को सारंगपुर में आयोजित शिविर में प्रदेश के कौषल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री गौतम टेटवाल और कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। दोनों ने एक-एक आवेदन पर संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए।
शिविर में संबल, पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के हितलाभ वितरित किए गए। वहीं, शिविर में अनुपस्थित रहने पर ऊर्जा विभाग के अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। शिविर में जिला पंचायत सीईओ डॉ. इच्छित गढ़पाले, वनमंडल अधिकारी दांतोनिया और एएसपी केएल बंजारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में राजगढ़ जिला प्रदेश में आठवें स्थान पर है।समूह की महिलाओं ने बताई आत्मनिर्भरता की कहानी शिविर में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं।
कृष्णा भीलाला ने बताया कि पहले वे मजदूरी करती थीं, लेकिन समूह से जुड़ने के बाद दोना-पत्तल का व्यवसाय शुरू किया। अब अपनी गाड़ी से सप्लाई कर रही हैं। जमुना ने बताया कि समूह से जुड़कर उनकी मासिक आय करीब 10 हजार रुपए हो गई है।
शिविर में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के सात हितग्राहियों को प्रमाण-पत्र दिए गए। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के सात हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया। प्रत्येक को एक लाख रुपए की राशि स्वीकृत-उपलब्ध कराई गई।सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने वाली ग्राम पंचायतों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने ग्राम बोकड़ी में इंदर सिंह पच्चीसिया द्वारा स्थापित 60 मीट्रिक टन क्षमता के रायपनिंग चैंबर का निरीक्षण किया। उन्होंने इसकी कार्यप्रणाली और उपयोगिता की जानकारी ली। इसके बाद पचोर में किसान बंटी के अमरूद फलोद्यान का निरीक्षण कर उत्पादन और रखरखाव की जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने कहा कि आधुनिक तकनीक और नवाचार अपनाकर किसान अपनी उपज का बेहतर प्रबंधन कर सकते हैं। इससे कृषि और उद्यानिकी को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

