राजगढ़ः जनविश्वास अभियान में मंत्री पंवार ने तहसील-स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः जनविश्वास अभियान में मंत्री पंवार ने तहसील-स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण


राजगढ़, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के सुठालिया में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान में मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने सुठालिया तहसील कार्यालय और शासकीय स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से राजस्व प्रकरणों की स्थिति जानी और अस्पताल में मरीजों से संवाद कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

तहसील कार्यालय में मंत्री पंवार ने एसडीएम गोविंद कुमार दुबे और तहसीलदार रामनिवास धाकड़ से लंबित राजस्व मामलों तथा नागरिकों से प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमीन एवं राजस्व से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए, ताकि ग्रामीणों को छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने की पहल है। नागरिकों की समस्याएं केवल सुनी नहीं जाएं, बल्कि उनका समय-सीमा में समाधान भी सुनिश्चित हो। उन्होंने आवेदनों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए।

इसके बाद मंत्री ने शासकीय स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने उपचाररत मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। नारीहेड़ा, बारसाना, राजपुरा, नापानेरा, हरनातपुरा और लालझारी सहित अन्य गांवों से आए मरीजों से दवाइयों की उपलब्धता, जांच, चिकित्सकीय सेवाओं और साफ-सफाई के बारे में पूछा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता, स्वच्छता और उपचार व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को सम्मानजनक और संवेदनशील वातावरण में उपचार मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।

मंत्री ने कहा कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सहजता से पहुंचना चाहिए। प्रशासनिक और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, संवेदनशीलता तथा समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, मंडल अध्यक्ष श्यामसिंह, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरराज लोधी सहित अधिकारी, कर्मचारी और अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story