दिव्यांगों के प्रति संवेदनशील दिखीं सागर कलेक्टर, जनसुनवाई स्थल बना पूरी तरह दिव्यांग फ्रेंडली

WhatsApp Channel Join Now
दिव्यांगों के प्रति संवेदनशील दिखीं सागर कलेक्टर, जनसुनवाई स्थल बना पूरी तरह दिव्यांग फ्रेंडली


सागर, 19 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिला प्रशासन ने दिव्यांगजनों के लिए शासकीय व्यवस्थाओं को अधिक सुगम और संवेदनशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित होने वाली साप्ताहिक जनसुनवाई को पूरी तरह “दिव्यांग फ्रेंडली” बनाया गया है।

नई व्यवस्था के तहत अब जनसुनवाई में पहुंचने वाले दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश करते ही दिव्यांग आवेदकों को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही उनकी सहायता के लिए विशेष रूप से कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, जो उन्हें सुरक्षित और सम्मानपूर्वक निर्धारित स्थान तक पहुंचाते हैं।

जनसुनवाई के दौरान भीड़ और लंबी कतारों में होने वाली परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने दिव्यांगजनों के लिए अलग से सर्वसुविधायुक्त कक्ष तैयार किया है। इस पहल की खास बात यह है कि दिव्यांग आवेदकों को अधिकारियों के पास जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती, बल्कि कलेक्टर प्रतिभा पाल स्वयं उस कक्ष में पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनती हैं।

कलेक्टर द्वारा प्राप्त आवेदनों को “समय-सीमा” प्रकरणों में दर्ज किया जा रहा है, ताकि संबंधित विभाग तय समय के भीतर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित कर सकें। अधिकारियों को भी मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।

हाल ही में आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। नई व्यवस्था के तहत उन्हें सरल और सुगम तरीके से सहायता मिली। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्वयं आवेदकों के बीच पहुंचकर आत्मीयता से उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जिला प्रशासन की इस मानवीय और संवेदनशील पहल की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story