राजगढ़ःजनकल्याण शिविर में पहुंचे नागरिकों को दी गई योजनाओं की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ःजनकल्याण शिविर में पहुंचे नागरिकों को दी गई योजनाओं की जानकारी


राजगढ़, 16 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मंगलवार को नगर के पारायण चौक में आयोजित जनकल्याण शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी लेने के साथ अपनी समस्याओं एवं मांगों से जुड़े आवेदन भी प्रस्तुत किए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और लाभों की विस्तृत जानकारी दी।

शिविर का निरीक्षण कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा, राजगढ़ विधायक अमरसिंह यादव तथा पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा ने किया। उन्होंने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर आमजन से संवाद किया और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।इस दौरान एसडीएम निधि भारद्वाज एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी पवन अवस्थी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

शिविर में ऊर्जा, कृषि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व, स्वास्थ्य, श्रम, सहकारिता, महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभागों सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने पात्र हितग्राहियों के आवेदन स्वीकार कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया भी शुरू की। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पोषण आहार प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें महिलाओं और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने पौष्टिक एवं संतुलित आहार पर आधारित आकर्षक मॉडल और व्यंजन प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के माध्यम से कुपोषण मुक्त समाज और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों को कुल 2166 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों के अनुसार अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के त्वरित निपटारे के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि ऐसे शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story