सागर: मकरोनिया जनविश्वास शिविर; लापरवाही पर पटवारी निलंबित, क्षेत्र में 40 करोड़ रुपये की सड़कों को मिली मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
सागर: मकरोनिया जनविश्वास शिविर; लापरवाही पर पटवारी निलंबित, क्षेत्र में 40 करोड़ रुपये की सड़कों को मिली मंजूरी


सागर, 18 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत शुक्रवार को मकरोनिया नगर पालिका के बजरिया हाट बाजार में आयोजित खंडस्तरीय जनविश्वास शिविर में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। शिविर के दौरान प्रशासनिक कसावट और विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और कार्रवाई देखने को मिलीं।

लापरवाही पर पटवारी निलंबित

शिविर में ग्राम गंभीरिया के कुछ परिवारों ने धारणाधिकार योजना का लाभ न मिलने की लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की प्राथमिक जांच में प्रथम दृष्टया गंभीर लापरवाही सामने आई। इसके बाद कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई करते हुए तहसील सागर नगर के हल्का नंबर 16/76 के पटवारी राशिद खान को निलंबित कर दिया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि मकरोनिया क्षेत्र भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तेजी से विकसित हो रहा है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे निवेश और आबादी को देखते हुए बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विधायक ने घोषणा की कि मकरोनिया नगर पालिका क्षेत्र में लगभग 40 करोड़ रुपये लागत की नई सड़कों को स्वीकृति मिल चुकी है, जिनका निर्माणकार्य जल्द शुरू होगा।

इसके अलावा, मकरोनिया-बंडा रोड पर यातायात और ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात पाने के लिए शीघ्र ही फ्लाईओवर का निर्माण प्रारंभ किया जाएगा। साथ ही, आवश्यकतानुसार क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई निरंतर जारी रखने के निर्देश भी दिए गए।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को सीधे पात्र हितग्राहियों के घर-घर तक पहुंचाना है। उन्होंने भूमि पट्टों और प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी प्राप्त आवेदनों का सर्वे कराकर नियमानुसार लाभ देने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने महिलाओं, गर्भवती माताओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए शासकीय अस्पतालों में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाने को कहा। उन्होंने बच्चों को नशे की बुरी आदतों और अपराधों से दूर रखने के लिए अभिभावकों को जागरूक रहने की सलाह भी दी।

शिविर के दौरान आयोजित 'उद्यमी संवाद' कार्यक्रम में उद्यमी श्रीमती विभा जैन ने अपनी सफलता के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पारिवारिक जिम्मेदारियों को संभालते हुए उन्होंने पटकुई बरारू में एक सूक्ष्म निर्माण इकाई स्थापित की, जहां वर्ष 2020 से स्टेशनरी उत्पादों का निर्माण किया जा रहा है। जिला उद्योग विभाग की योजनाओं के सहयोग से आज उनके उत्पाद पूरे संभाग में सप्लाई हो रहे हैं। उनकी इस इकाई का वार्षिक टर्नओवर 2 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और वे क्षेत्र की 10 अन्य महिलाओं को रोजगार भी दे रही हैं।

शिविर के समापन के पश्चात कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने मकरोनिया सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों के स्टॉक और ओपीडी व्यवस्था का जायजा लिया।

सुधार के निर्देश: कलेक्टर ने निर्माणाधीन कार्यों को समय पर पूरा करने तथा ऑपरेशन थिएटर को आगामी 15 दिनों के भीतर हर हाल में शुरू करने के सख्त निर्देश दिए।

नोटिस जारी: एएनसी विंग में कार्य के दौरान लापरवाही पाए जाने पर संबंधित स्टाफ नर्स और गायनेकोलॉजिस्ट को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

मरीजों से संवाद: अस्पताल में भर्ती माताओं और अन्य मरीजों से मिलकर उन्होंने दी जा रही चिकित्सीय सुविधाओं की जानकारी ली और डॉक्टरों को आवश्यक दवाइयां सुनिश्चित करने को कहा।

इस खंडस्तरीय शिविर में मकरोनिया नगर पालिका अध्यक्ष मिहीलाल अहिरवार, उपाध्यक्ष, स्थानीय पार्षद, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सहित भारी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story