जन विश्वास अभियान से मजबूत होगा जनता और सरकार के बीच भरोसा : गोविंद सिंह राजपूत

WhatsApp Channel Join Now
जन विश्वास अभियान से मजबूत होगा जनता और सरकार के बीच भरोसा : गोविंद सिंह राजपूत


जैसीनगर में जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित, मंत्री की मौजूदगी में सुनी गईं क्षेत्रवासियों की समस्याएं

भोपाल, 21 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं को सीधे सुनकर उनके त्वरित निराकरण के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में शुक्रवार को जैसीनगर में जन विश्वास अभियान के तहत जनसमस्या समाधान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत सहित कलेक्टर, एसपी, जिला पंचायत सीईओ और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

शिविर में क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याएं और आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। मंत्री राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार में जनसेवा और जनकल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और आमजन को अपने कामों के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।

हर शुक्रवार लगेगा जनसमस्या समाधान शिविर

मंत्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान केवल समस्याएं सुनने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच विश्वास को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने बताया कि हर शुक्रवार को शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं का निराकरण करेंगे। यह अभियान जनवरी तक जिला और खंड स्तर पर जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड, संबल कार्ड, लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और सीएम हेल्पलाइन 181 से संबंधित समस्याओं का निराकरण भी इन शिविरों के माध्यम से कराया जा सकेगा। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जरूरतमंद लोगों को शिविर तक पहुंचाएं, ताकि उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।

योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना संकल्प

मंत्री राजपूत ने कहा कि गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के कल्याण के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, हर घर नल-जल और लाड़ली बहना योजना जैसी योजनाओं का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों को सीधे लाभ पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि कोई भी योजना तभी सार्थक है, जब उसका लाभ वास्तविक हितग्राही तक पहुंचे। जन विश्वास अभियान के माध्यम से लोगों की समस्याओं को सुनने के साथ संबंधित विभागों को उनके निराकरण के लिए जवाबदेह बनाया जा रहा है।

सुरखी विधानसभा में विकास के साथ जनसेवा पर जोर

गाेविंद सिंह राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा उनके लिए परिवार की तरह है और क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ गांव-गांव विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि विकास केवल बड़े निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है। किसी परिवार की समस्या का समाधान होना, पात्र व्यक्ति को योजना का लाभ मिलना, किसान की परेशानी दूर होना और महिला व युवा को आगे बढ़ने का अवसर मिलना भी विकास का हिस्सा है।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के साथ गांवों में स्वच्छता और विकास कार्यों में जनभागीदारी पर जोर दिया। एसपी अनुराग सुजानिया ने कहा कि गांवों के छोटे-छोटे विवादों और समस्याओं के समाधान में ग्राम पंचायत तथा बुजुर्गों की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस 24 घंटे उनकी सेवा के लिए उपलब्ध है।

मंत्री राजपूत ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे जन विश्वास अभियान के शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं और आवेदन अधिकारियों के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और नियमानुसार उनका समाधान कराना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story