जबलपुरः नवांकुर संस्थाओं की त्रैमासिक जिला स्तरीय समीक्षा बैठक एवं जल संचय अभियान की कार्ययोजना पर हुई चर्चा
जबलपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद् जिला जबलपुर द्वारा जिले में कार्यरत समस्त नवांकुर संस्थाओं एवं विकासखंड समन्वयकों की त्रैमासिक जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन शुक्रवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में किया गया। बैठक में परिषद् के राज्य सलाहकार शिवनारायण पटेल, शासी निकाय सदस्य अजित सिंह सीटू एवं संभाग समन्वयक रवि बर्मन की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया है।
बैठक में जिले की सभी नवांकुर संस्थाओं द्वारा वर्ष भर में किए गए कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला समन्वयक घनश्याम रायपुरिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं आगामी कार्ययोजना से सभी प्रतिभागियों को विस्तारपूर्वक अवगत कराया।
परिषद् के राज्य सलाहकार शिवनारायण पटेल ने संस्थाओं को भविष्य की कार्ययोजना एवं प्रभावी रणनीति के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान करते हुए पौध रोपणी के माध्यम से आय में वृद्धि, संस्कार केंद्रों का सफल संचालन, निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति हेतु कुशल रणनीति, सफलता की कहानियों का संकलन, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम की कक्षाओं में सामाजिक सहभागिता, ग्राम उत्सव एवं जन सूचना केंद्र जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
शासी निकाय सदस्य अजित सिंह सीटू ने संस्थाओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक अपनी पहुंच बनाने तथा ग्राम स्तर पर प्रस्फुटन समितियों को सक्रिय एवं सशक्त बनाए रखने का आह्वान किया।
संभाग समन्वयक रवि बर्मन ने आदर्श ग्राम की परिकल्पना, दीवार लेखन के माध्यम से जनजागरूकता, समितियों का पंजीयन, परिषद् के ऐप के उपयोग तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण में जिले के सभी विकासखण्ड समन्वयक एवं सभी नवांकुर संस्थाओ के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में प्रशिक्षण संपन्न किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

