सागर: जल गंगा संवर्धन अभियान बना जनआंदोलन, लक्ष्य से 261% अधिक काम होने पर मंत्री ने दी बधाई

WhatsApp Channel Join Now
सागर: जल गंगा संवर्धन अभियान बना जनआंदोलन, लक्ष्य से 261% अधिक काम होने पर मंत्री ने दी बधाई


सागर, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मंगलवार को सागर जिले में सुरखी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुरैया में आयोजित 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के भव्य समापन कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण को लेकर एक बड़ा संदेश देते हुए कहा कि यह अभियान महज एक सरकारी औपचारिकता नहीं है, बल्कि जनभागीदारी से उपजा एक व्यापक जनआंदोलन बन चुका है। जिले में तालाबों, कुओं, बावड़ियों और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, गहरीकरण, साफ-सफाई, वर्षा जल संचयन (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग) तथा वृक्षारोपण जैसे कार्यों को बड़े पैमाने पर क्रियान्वित किया गया है, जिसके बेहद सकारात्मक परिणाम अब धरातल पर नजर आने लगे हैं।

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जिले की इस ऐतिहासिक सफलता की सराहना करते हुए बताया कि अभियान के तहत तय किए गए 34,703 लक्ष्यों के मुकाबले कुल 90,685 गतिविधियों को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। यह निर्धारित लक्ष्य से 261 प्रतिशत से भी अधिक है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए उन्होंने कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) विवेक केवी, नगर परिषद व नगरीय निकायों के अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, युवाओं और आम नागरिकों को हार्दिक बधाई दी।

पर्यावरण संरक्षण की महत्ता पर जोर देते हुए मंत्री राजपूत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रव्यापी आह्वान को दोहराया। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय से अपील की कि हर व्यक्ति 'एक पेड़ माँ के नाम' अनिवार्य रूप से लगाए। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना काफी नहीं है, बल्कि उसे जीवित रखने और उसकी देखभाल करने की जिम्मेदारी भी हमें उठानी होगी।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजपूत ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया और क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं, निटर्री से अगरा मार्ग के लिए ₹4 करोड़ की लागत से पक्की सड़क मंजूर की गई है, जिससे ग्रामीणों का लंबा और घुमावदार सफर खत्म होगा। शासकीय हाई स्कूल के लिए ₹20 लाख की राशि और स्कूल भवन की मरम्मत के लिए ₹5 लाख स्वीकृत किए गए। गाँव में मांगलिक और सामाजिक कार्यों की सुविधा के लिए ₹25 लाख की लागत से 'मंगल भवन' के निर्माण की घोषणा की गई।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिले में मार्च से जून तक चले इस महाअभियान की विस्तृत रिपोर्ट साझा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही इस अभियान का औपचारिक समापन हो रहा है, लेकिन जल स्रोतों को सहेजने का हमारा दायित्व कभी खत्म नहीं होता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story