सागर: जैसीनगर में मंत्री गोविंद राजपूत ने सुनीं जनसमस्याएं, कलेक्टर ने सात दिन में निराकरण के दिए निर्देश
सागर, 21 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को सागर जिले के जैसीनगर में ब्लॉक स्तरीय जन विश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक केवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने आमजन से संवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शासन और प्रशासन को जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने कहा कि जन विश्वास अभियान को केवल एक दिन तक सीमित नहीं रखा गया है। जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार को ऐसे शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया जाएगा।
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयुष्मान कार्ड, संबल योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि जैसीनगर अस्पताल का करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से उन्नयन किया जा रहा है। इसके अलावा शासकीय महाविद्यालय और सांदीपनि विद्यालय के माध्यम से क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी काम किया जा रहा है।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त नामांतरण, सीमांकन, अवैध कब्जे, प्रधानमंत्री आवास, पेयजल, राशन और बिजली बिल से संबंधित शिकायतों का सात दिन के भीतर शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निराकरण में लापरवाही नहीं बरतने और संबंधित आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने किसानों और युवाओं को स्वरोजगार के लिए उद्यम क्रांति योजना, माइक्रोफाइनेंस और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम से संबंधित योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों के पोषण और नशामुक्ति को लेकर भी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने डायल-112 से संबंधित आंकड़ों का उल्लेख करते हुए घरेलू हिंसा और महिला अपराधों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई के लिए मुस्तैद है, लेकिन घरेलू हिंसा और महिला अपराधों की रोकथाम के लिए परिवार और समाज की सहभागिता भी आवश्यक है।
शिविर में आयोजित कृषि संवाद के दौरान स्थानीय किसान देवेंद्र पांडे ने बिना रासायनिक खाद के प्राकृतिक खेती के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने प्राकृतिक खेती से जुड़े अपने प्रयोग और प्राप्त परिणामों की जानकारी दी।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को निर्धारित समय सीमा में निराकृत करने का अधिकारियों ने भरोसा दिलाया।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

