जबलपुर में शाकाहारी परिवार की धार्मिक भावनाएं हुई आहत, पनीर चिली की जगह परोस दिया चिकन चिली

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर में शाकाहारी परिवार की धार्मिक भावनाएं हुई आहत, पनीर चिली की जगह परोस दिया चिकन चिली


जबलपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। सिविल लाइन क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित होटल में शुद्ध शाकाहारी परिवार को पनीर चिली की जगह चिकन चिली परोसने का वीडियो सोमवार को वायरल हुआ है। इस मामले में नागरथ चौक स्थित नंबर 7 होटल में हुई इस घटना के बाद जमकर हंगामा हुआ। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद होटल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, आनंद भामोत्रा अपने परिवार के साथ डिनर करने नंबर 7 होटल पहुंचे थे। परिवार के सभी सदस्य शुद्ध शाकाहारी हैं। इसलिए ऑर्डर देते समय उन्होंने होटल स्टाफ को स्पष्ट रूप से केवल शाकाहारी भोजन परोसने के निर्देश दिए थे। परिवार ने खाने में पनीर चिली भी ऑर्डर की थी।

कुछ देर बाद वेटर ने टेबल पर डिश परोसी। परिवार के सदस्यों ने उसे पनीर चिली समझकर खाना शुरू कर दिया, लेकिन स्वाद और बनावट में अंतर महसूस होने पर उन्हें संदेह हुआ।

जांच करने पर पता चला कि प्लेट में परोसी गई डिश पनीर चिली नहीं, बल्कि चिकन चिली थी।

इस बात का पता चलते ही परिवार ने होटल प्रबंधन और कर्मचारियों के सामने नाराजगी जताई। आनंद भामोत्रा ने आरोप लगाया कि शुद्ध शाकाहारी भोजन की स्पष्ट हिदायत देने के बावजूद उनके परिवार को नॉनवेज परोस दिया गया। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए आस्था और धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करार दिया।

घटना के दौरान होटल में मौजूद अन्य ग्राहकों ने हंगामे का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद शाकाहारी समाज और शहर के नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है। लोग मामले की जांच कर होटल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मामले में होटल संचालक का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कैमरे पर आने और सवालों का जवाब देने से परहेज किया। फिलहाल होटल प्रबंधन की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782121 Articles

Share this story