जबलपुर-रीवा एक्सप्रेस के कोच से उठा धुआं, ऊंचेहरा स्टेशन पर मची अफरा-तफरी

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर-रीवा एक्सप्रेस के कोच से उठा धुआं, ऊंचेहरा स्टेशन पर मची अफरा-तफरी


सतना, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सतना जिले के ऊँचेहरा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार सुबह जबलपुर-रीवा एक्सप्रेस के एक कोच से अचानक धुआं निकलने लगा। इससे ट्रेन में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जानकारी मिलते ही रेलवे का तकनीकी अमला मौके पर पहुंचा और स्थिति पर काबू पाया।

जानकारी के अनुसार, जबलपुर से चलकर रीवा जा रही ट्रेन क्रमांक 11705 शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सतना जिले के ऊँचेहरा स्टेशन पहुंची थी, तभी ट्रेन के एक कोच से अचानक धुआं उठने लगा। यह देख यात्रियों ने तुरंत रेल कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। जानकारी मिलते ही रेल कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर उतार दिया। इसके बाद स्टेशन पर मौजूद रेल अधिकारी और तकनीकी स्टाफ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया।

रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ट्रेन के कोच के पहिए में ब्रेक बाइंडिंग होने के कारण धुआं उठ रहा था। रेल कर्मचारियों ने तुरंत जांच कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे कोच की जांच की।

राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी यात्री सुरक्षित रहे। तकनीकी टीम की जांच के बाद ट्रेन को आगे रवाना करने की अनुमति दी गई। करीब 36 मिनट तक ऊँचेहरा स्टेशन पर खड़ी रहने के बाद ट्रेन रात 11:36 बजे अगले स्टेशन के लिए रवाना हुई। रेलवे प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच करने की बात कही है।

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story