जबलपुरः महावीर जयंती पर आयोजित शोभा यात्राओं में शामिल हुए लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह
जबलपुर, 30 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सोमवार को भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक महोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में श्रद्धाभाव के साथ सम्मिलित हुए।
गढ़ा बाज़ार में आयोजित मुख्य धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंत्री सिंह ने श्रद्धा और भक्ति के साथ भगवान महावीर की भव्य पालकी को कंधा देकर पुण्य लाभ अर्जित किया। इसके पश्चात मंत्री सिंह त्रिपुरी चौक पहुँचे, जहाँ उन्होंने भव्य रथ यात्रा में सहभागिता की और भगवान महावीर के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंत्री सिंह करमचंद चौक में आयोजित कार्यक्रम में कलश यात्रा में भी विशेष रूप से शामिल हुए तथा महावीर जयंती के उत्सव में शामिल होकर समस्त नागरिकों को इस महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने पुलिस लाइन के सड़क चौड़ीकरण को लेकर भी आश्वासन दिया। उन्होंने कि आगे जाकर इस सड़क को चौड़ा किया जाएगा।
इन कार्यक्रमों के दौरान मंत्री सिंह के साथ अभय सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन स्थलों पर जैन समाज और स्थानीय नागरिकों द्वारा मंत्री सिंह एवं पूर्व मंत्री शरद जैन का आत्मीय अभिनंदन किया गया। इन धार्मिक आयोजनों में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।
मंत्री राकेश सिंह ने नेताजी सुभाषचंद्र बोस जेल परिसर स्थित सिद्धासन पर किए दर्शन-पूजन
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सोमवार को सपरिवार नेताजी सुभाष चंद्र बोस केंद्रीय जेल परिसर पहुंचकर श्रीबाबाश्री के पावन सिद्धासन पर विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंत्री सिंह जेल परिसर स्थित 'गुनाह खाना' भी पहुँचे, जहाँ उन्होंने माँ नर्मदा की भव्य प्रतिमा पर माल्यार्पण और आरती की और प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की।
उन्होंने स्वाधीनता संग्राम के महानायक नेताजी सुभाषचंद्र बोस की स्मृति चिह्नों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि नेताजी का त्याग और संघर्ष आज भी राष्ट्रसेवा की सबसे बड़ी प्रेरणा है। मंत्री सिंह के भ्रमण के दौरान जेल के बंदियों द्वारा गठित 'मुक्ति स्वर' आर्केस्ट्रा ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। बंदियों ने जब पूरी लय और ताल के साथ कालजयी गीत मेरे देश की धरती सोना उगले... की प्रस्तुति दी, जिसे सुनकर उपस्थित जन राष्ट्रभक्ति के भाव से भर उठे।
मंत्री सिंह ने बंदियों के इस हुनर और उनके भीतर छिपी सकारात्मकता की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक चेतना और कला के माध्यम से सुधार लाना जेल प्रशासन का एक सराहनीय कदम है, जो व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है। इस अवसर पर जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

