जबलपुरः पुस्तक मेला की तैयारियों जोर-शोर से जारी, अधिकारियों की जिम्मेदारी तय

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः पुस्तक मेला की तैयारियों जोर-शोर से जारी, अधिकारियों की जिम्मेदारी तय


जबलपुरः पुस्तक मेला की तैयारियों जोर-शोर से जारी, अधिकारियों की जिम्मेदारी तय


जबलपुर, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में स्‍कूली बच्‍चों एवं अभिभावकों को प्रतिस्‍पर्धी एवं न्‍यूनतम दरों पर पाठ्य पुस्‍तकें, कॉपिया और गणवेश उपलब्‍ध कराने जिला प्रशासन द्वारा 25 मार्च से 5 अप्रैल तक गोल बाजार स्थित शहीद स्‍मारक परिसर में लगाये जा रहे पुस्‍तक मेला की तैयारियों जोर-शोर से जारी है। पुस्‍तक मेला का यह लगातार तीसरा आयोजन है।

ज्ञात हो कि निजी स्‍कूलों, प्रकाशकों एवं पुस्‍तक विक्रेताओं की सांठगांठ से छात्रों और उनके अभिभावकों को राहत दिलाने प्रदेश में पुस्‍तक मेले के आयोजन की शुरूआत वर्ष 2024 में जबलपुर जिले से ही हुई थी। देश भर में इसकी काफी चर्चा हुई और इसे काफी सराहना मिली तथा इसे प्रदेश के कई जिलों ने भी अपनाया।

जिला प्रशासन द्वारा रविवार को जानकारी दी गई कि पुस्‍तक मेले में पिछले वर्ष की तरह इस बार भी बुक बैंक का स्‍टॉल लगाया जाएगा, जहां विद्यार्थी, उनके अभिभावक एवं नागरिक पिछले वर्ष की पाठ्य पुस्‍तकें दान में दे सकेंगे। यह पुस्‍तकें रेड क्रॉस सोसाय‍टी के माध्‍यम से नाम मात्र के शुल्‍क पर जरूरतमंद विद्यार्थियों को उपलब्‍ध कराई जायेगी। मेले में पाठ्य पुस्‍तकों, कॉपियों, यूनिफार्म, स्‍कूल बैग एवं अन्‍य शैक्षणिक सामग्रियों के स्‍टॉल के अलावा व्‍यंजनों के स्‍टॉल भी लगाये जाएंगे। मेले में प्रतिदिन सांस्‍कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

पुस्‍तक मेला के सफल आयोजन के लिए कलेक्‍टर राघवेन्‍द्र सिंह ने विभिन्‍न विभागों के अधिकारियों की जिम्‍मेदारियां तय की है। पुस्‍तक मेला की संपूर्ण व्‍यवस्‍था का प्रभारी जिला पंचायत के मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत को बनाया गया है। इस कार्य में उनके सहयोग के लिए जिला शिक्षा अधिकारी घनश्‍याम सोनी, नोडल अधिकारी जेएटीसीसी राजीव मिश्रा, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग शिवेन्‍द्र सिंह, सहायक आयुक्‍त जनजातीय कार्य सी के दुबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास सौरभ सिंह, प्राचार्य डाईट अजय दुबे, जिला परियोजना समन्‍वयक योगेश शर्मा, महाप्रबंधक जिला व्‍यापार एवं उद्योग केन्‍द्र विनीत रजक तथा सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग कल्‍याण आशीष दीक्षित को तैनात किया गया है।

पुस्‍तक मेला स्‍थल पर कानून व्‍यवस्‍था बनाये रखने, साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, कंट्रोल रूम, मंचीय व्‍यवस्‍था, फायर ब्रिगेड की तैनाती का दायित्‍व एसडीएम आधारताल पंकज मिश्रा को सौंपा गया है। इस कार्य में उनके सहयोग के लिए प्रभारी अपर आयुक्‍त नगर निगम मनोज श्रीवास्‍तव को तैनात किया गया है। पुस्‍तक मेला स्‍थल पर दुकानों की सुरक्षा एवं यातायात की व्‍यवस्‍था की जिम्‍मेदारी अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक जबलपुर शहर को सौंपी गई है। जिला कमांडेंट होमगार्ड, थाना प्रभारी लार्डगंज एवं थाना प्रभारी यातायात इस कार्य में उनका सहयोग करेंगे।

मेला स्‍थल पर स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाओं की संपूर्ण व्‍यवस्‍था, एम्‍बुलेंस तथा फूड स्‍टॉल पर विक्रय होने वाले खाद्य सामग्रियों की जांच का दायित्‍व मुख्‍य चिकित्‍सा एवं स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा को दिया गया है। जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस चित्रांशु त्रिपाठी को मेले में संचालित हेल्‍पडेस्‍क एवं सभी तकनीकी कार्यों की जिम्‍मेदारी दी गई है। पुस्‍तक मेले के आय-व्‍यय का संपूर्ण लेखा जोखा रखने का दायित्‍व जिला कोषालय अधिकारी सुश्री विनायिका लकरा को सौंपा गया है। सभी अशासकीय विद्यालयों, पुस्‍तक विक्रेताओं एवं प्रकाशकों से समन्‍वय तथा शिकायत निवारण की जिम्‍मेदारी सहायक संचालक शिक्षा गौतम बर्वे को दी गई है। मेला स्‍थल की संपूर्ण विद्युत व्‍यवस्‍था की देखरेख का दायित्‍व पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण अभियंता जबलपुर शहर संजय अरोरा को दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story