बिरसा मुंडा जयंती पर 14 नवंबर को जबलपुर, 15 को धार और 16 को खंडवा में होंगे बड़े आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
बिरसा मुंडा जयंती पर 14 नवंबर को जबलपुर, 15 को धार और 16 को खंडवा में होंगे बड़े आयोजन


भोपाल, 10 नवंबर (हि.स.)। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाएगी। इसके तहत 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार और 16 नवंबर को खंडवा में बड़े आयोजन किए जाएंगे। प्रदेश के सभी जिलों में सांस्कृतिक रैलियां निकाली जाएंगी।

यह जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार-वार्ता में दी। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल तथा कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके भी मौजूद रहीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष कर जनजातीय समाज में स्वाभिमान और स्वतंत्रता की अलख जगाई। जनजातीय समाज के जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 से 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जा रही है। भाजपा संगठन और सरकार जनजातीय नायकों के योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज की बड़ी आबादी निवास करती है। भाजपा ने इस समाज को राजनीतिक नेतृत्व और सम्मान देने का काम किया है। केंद्र सरकार में मध्यप्रदेश से जनजातीय समाज के दो मंत्री हैं, जबकि प्रदेश सरकार में भी जनजातीय समाज के पांच मंत्री शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने जनजातीय समाज को अपेक्षित सम्मान नहीं दिया, जबकि भाजपा सरकार ने योजनाओं और विभिन्न आयोजनों के माध्यम से जनजातीय नायकों की विरासत को आगे बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने रानी दुर्गावती के नाम पर श्री अन्न योजना शुरू की है। टंट्या मामा के नाम पर खरगोन में विश्वविद्यालय बनाया गया है तथा राजा शंकर शाह और रघुनाथ शाह के नाम पर मंडला में मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है। जबलपुर, दमोह के संग्रामपुर और पचमढ़ी में जनजातीय नायकों के सम्मान में कैबिनेट की बैठकें आयोजित की गई हैं।

स्कूलों और छात्रावासों में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने बताया कि जनजातीय विकासखंडों के विद्यालयों और छात्रावासों में भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय नायकों के शौर्य और बलिदान की जानकारी दी जाएगी। 15 नवंबर को सभी विद्यालयों और छात्रावासों में बिरसा मुंडा जयंती मनाई जाएगी। जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के विद्यालयों में नृत्य, नाटक, संगीत, रंगोली, चित्रकला, निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं, 18 से 20 नवंबर तक चयनित ग्रामों में जनजातीय गौरव चौपालें लगाई जाएंगी, जिनमें जनजातीय जनप्रतिनिधि और समाजसेवी शामिल होंगे।

हर जिले में निकलेगी सांस्कृतिक रैली

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश के प्रत्येक जिले में दो से तीन किलोमीटर लंबी सांस्कृतिक रैली निकाली जाएगी। इनमें जनजातीय समाज की लोककला, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई देगी। इसके अलावा जनजातीय महापुरुषों और जननायकों के नाम पर भवनों, सड़कों, चौराहों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों का नामकरण किया जाएगा। प्रदेश सरकार किसी महत्वपूर्ण स्थान का नाम भी जनजातीय जननायक के नाम पर रखने की तैयारी कर रही है।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में देश और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था। उनका आंदोलन अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष के साथ-साथ जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा का प्रतीक था। छोटा नागपुर क्षेत्र में जनजातीय भूमि के संरक्षण से जुड़े कानून के निर्माण में भी उनके आंदोलन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

खंडेलवाल ने बताया कि 12 और 13 नवंबर को जिलों में बैठकों के माध्यम से कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। 14 नवंबर को जनजातीय प्रतिभाओं और देवस्थानों पर स्वच्छता अभियान तथा दीप प्रज्ज्वलन होगा। 16 और 17 नवंबर को जनजातीय छात्रावासों में युवाओं से संवाद और संपर्क अभियान चलाया जाएगा। वहीं, 18 से 20 नवंबर तक जनजातीय गौरव चौपालों का आयोजन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775021 Articles

Share this story