जबलपुर: बरगी डैम के पास साधु की नृशंस हत्या, कुटिया में खून से सना मिला शव

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुर: बरगी डैम के पास साधु की नृशंस हत्या, कुटिया में खून से सना मिला शव


जबलपुर, 25 अप्रैल (हि.स.) । मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से करीब 40 किलोमीटर दूर बरगी डैम क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां नर्मदा तट पर रहकर मंदिर निर्माण करा रहे 65 वर्षीय साधु की धारदार हथियारों से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। साधु का शव उनकी कुटिया में बाइक के नीचे दबा मिला, शरीर पर चोट के कई गहरे निशान पाए गए हैं। पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना का खुलासा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ, जब निर्माणाधीन मंदिर में काम करने वाले मजदूर वहां पहुंचे। साधु को न पाकर जब उनकी कुटिया की तलाशी ली गई, तो वे खून से लथपथ मृत अवस्था में मिले। सूचना मिलते ही सीएसपी अंजुल अयंक मिश्रा के नेतृत्व में बरगी थाना पुलिस, क्राइम ब्रांच, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस को मौके पर साधु की गिरी हुई बाइक मिली है, जिसमें एक घड़ी फंसी हुई थी। अंदेशा जताया जा रहा है कि हत्यारों से हाथापाई के दौरान यह बाइक गिरी होगी।

जमीन विवाद और पेशी का एंगल

मृतक साधु मूल रूप से सिवनी जिले के ईश्वरपुर गांव के रहने वाले थे और पिछले एक साल से बरगी डैम के पास कुटिया बनाकर रह रहे थे। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि तारापुरी महाराज का उनके भाइयों और बहनों के साथ 4 एकड़ जमीन (कीमत लगभग 80 लाख रुपये) को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। गौर करने वाली बात यह है कि हत्या से ठीक एक दिन पहले, शुक्रवार को साधु इसी जमीन से जुड़े केस की पेशी के लिए सिवनी तहसील गए थे, जहां उनका विवाद होने की जानकारी भी मिली है।

सुराग जुटाने सिवनी जाएगी पुलिस टीम

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। जांच के दायरे को बढ़ाते हुए पुलिस की एक विशेष टीम सिवनी के ईश्वरपुर गांव भेजी जा रही है, ताकि परिजनों और परिचितों से जमीन विवाद और हालिया झगड़ों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कुटिया में मिली घड़ी किसकी है। फिलहाल, इस हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story