जबलपुर: खंभे से गिरकर लाइनमैन की मौत, परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम, कार्रवाई की मांग
जबलपुर, 25 अप्रैल (हि.स.) । मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के खजरी खिरिया इलाके में बिजली लाइन सुधार के दौरान एक ठेका कर्मचारी की मौत हो गई। शनिवार को परिजनों ने अमखेरा-खजरी खिरिया मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, 51 वर्षीय रंजीत कोरी शुक्रवार को खजरी खिरिया इलाके में खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहे थे, तभी अचानक करंट आने से वे करीब 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। हादसे के तुरंत बाद साथियों ने 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शनिवार सुबह अमखेरा-खजरी खिरिया मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। उनका कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, उचित मुआवजा और मृतक के बेटे को नौकरी नहीं दी जाएगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सूचना मिलने पर गोहलपुर थाना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार के लिए सहमत हुए।
परिजनों ने मध्य प्रदेश विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब लाइन बंद थी, तब बिना सूचना के बिजली चालू कर दी गई, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।
सुरक्षा के बिना चढ़े थे खंभे पर
बताया जा रहा है कि रंजीत कोरी अपने साथियों के साथ फॉल्ट सुधारने पहुंचे थे। उन्होंने पहले अन्य कर्मचारियों से खंभे पर चढ़ने को कहा, लेकिन कोई तैयार नहीं हुआ। इसके बाद वे खुद बिना दस्ताने और सुरक्षा उपकरण के खंभे पर चढ़ गए। इसी दौरान करंट आने से वे नीचे गिर गए।
मुआवजा और नौकरी का आश्वासन
बिजली विभाग के सीई संजय अरोरा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने परिजनों को आश्वासन दिया है कि मृतक के बेटे को नौकरी दी जाएगी। साथ ही विभाग की ओर से 5 लाख रुपये और बीमा कंपनी की ओर से 4 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
हादसे की अलग वजह भी आई सामने
वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि खंभे पर चढ़ते समय रस्सी के झूले का हुक ठीक से नहीं फंसा, जिससे संतुलन बिगड़ने पर रंजीत नीचे गिर गए और सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हुई। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

