फ्रांस की कंपनी सैफलेट माल्ट आगर-मालवा में करेगी 1200 करोड़ का निवेश, 50 हजार किसानों को मिलेगा लाभ

WhatsApp Channel Join Now
फ्रांस की कंपनी सैफलेट माल्ट आगर-मालवा में करेगी 1200 करोड़ का निवेश, 50 हजार किसानों को मिलेगा लाभ


आगर-मालवा, 16 नवंबर (हि.स.)। फ्रांस की बहुराष्ट्रीय कंपनी सैफलेट माल्ट ने मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में 1200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। कंपनी यहां जौ से माल्ट तैयार करने वाली आधुनिक औद्योगिक इकाई स्थापित करना चाहती है। इस परियोजना से पांच जिलों के 50 हजार से अधिक किसानों को जोड़ने के साथ करीब एक हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

मालवा अंचल में औद्योगिक निवेश के साथ कृषि आधारित उद्योगों की संभावनाएं भी बढ़ रही हैं। कनाडा के बाद अब फ्रांस की कंपनी ने आगर-मालवा में निवेश की रुचि दिखाई है। प्रस्तावित इकाई की स्थापना के लिए कंपनी ने औद्योगिक पार्क में 20 हेक्टेयर जमीन की मांग की है। परियोजना के तहत आगर-मालवा के अलावा उज्जैन, शाजापुर, देवास और मंदसौर जिले के किसानों को जोड़ा जाएगा। कंपनी की योजना प्रतिवर्ष करीब 2.50 लाख टन जौ की खरीदी करने की है।

परियोजना स्थापित होने पर लगभग 500 लोगों को प्रत्यक्ष और 500 लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने का अनुमान है। जौ से तैयार होने वाले माल्ट का उपयोग विभिन्न पेय पदार्थों के साथ बिस्किट, ब्रेड, बेकरी उत्पाद, चॉकलेट और अन्य खाद्य उत्पादों के निर्माण में किया जाता है। इकाई की स्थापना से क्षेत्र में कृषि उपज के स्थानीय प्रसंस्करण को बढ़ावा मिलने के साथ कृषि आधारित औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार होगा।

परियोजना का महत्वपूर्ण पहलू किसानों को सीधे औद्योगिक बाजार से जोड़ना है। कंपनी केवल जौ की खरीदी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि उत्पादन की गुणवत्ता सुधारने में भी किसानों की मदद करेगी। इसके तहत उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराने, कृषि विशेषज्ञों से परामर्श दिलाने, आधुनिक खेती की तकनीक समझाने और निर्धारित गुणवत्ता के अनुरूप उत्पादन के लिए प्रशिक्षण देने की योजना है। इससे किसानों को स्थानीय स्तर पर बड़ा खरीदार मिलेगा और जौ की खेती को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

फ्रांस की बहुराष्ट्रीय कंपनी सैफलेट माल्ट वर्ष 2014 से भारत में कारोबार कर रही है। राजस्थान के अलवर में कंपनी की माल्ट निर्माण इकाई पहले से संचालित है, जिसकी वार्षिक उत्पादन क्षमता करीब 18 हजार टन है। कंपनी का कारोबार दुनिया के करीब 20 देशों में फैला हुआ है।

जिले में निवेश की संभावनाओं को देखते हुए कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीणा ने औद्योगिक पार्क के फेज-3 के विकास के लिए 107.50 हेक्टेयर जमीन उपलब्ध कराई है। इसी औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित इकाई की स्थापना के लिए कंपनी को 20 हेक्टेयर जमीन दिखाई गई है।

एमपीआईडीसी के कार्यकारी संचालक राजेश राठौड़ ने बताया कि सैफलेट माल्ट की ओर से निवेश का प्रस्ताव प्राप्त हुआ है। कंपनी को उद्योग की स्थापना के लिए जमीन दिखाई गई है और आगे की प्रक्रिया जारी है। जमीन आवंटन सहित अन्य औपचारिकताएं पूरी होने के बाद परियोजना की स्थापना की दिशा में काम आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के उद्योग स्थापित होने से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778283 Articles

Share this story