पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाई जाएगी स्वच्छ और स्वस्थ होली: कलेक्टर संजय कुमार जैन

WhatsApp Channel Join Now

मऊगंज, 01 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले में इस वर्ष होली का पर्व पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक संदेश के साथ मनाया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा ‘स्वच्छ और स्वस्थ होली’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत होलिका दहन में पारंपरिक लकड़ी की जगह गौकाष्ठ और उपलों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा।

कलेक्टर संजय कुमार जैन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण की रक्षा करना और पेड़ों की कटाई को रोकना है। प्रशासन ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि होलिका दहन के दौरान लकड़ी के स्थान पर गाय के गोबर से बने गौकाष्ठ और कंडों का उपयोग करें। कलेक्टर ने बताया कि इस अभियान के तहत जिले में आयोजित होने वाले सभी सार्वजनिक होलिका दहन कार्यक्रमों का नि:शुल्क पंजीयन कराया जाएगा। इसके लिए जिला मुख्यालय, तहसील कार्यालयों और नगरीय निकायों में पंजीयन की व्यवस्था की गई है।

प्रशासन ने जिले की सभी नगर परिषदों और जनपद पंचायतों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित सार्वजनिक होलिका दहन कार्यक्रमों का पंजीयन सुनिश्चित करें। साथ ही होलिका दहन के दिन मैदानी अमला आयोजन स्थलों का निरीक्षण करेगा और यह सुनिश्चित करेगा कि वहां जलाऊ या इमारती लकड़ी के स्थान पर गौकाष्ठ का ही उपयोग किया जा रहा है। संबंधित अधिकारियों द्वारा इसका प्रमाणन भी किया जाएगा।

इस अभियान में पंचायतों और पंचायती राज संस्थाओं को भी सक्रिय रूप से शामिल किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक पर्यावरण संरक्षण का संदेश पहुंच सके। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल पेड़ों की कटाई में कमी आएगी बल्कि स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने की परंपरा भी मजबूत होगी।

कलेक्टर संजय कुमार जैन ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि होली के दौरान प्राकृतिक और हर्बल रंगों का उपयोग करें तथा पशु-पक्षियों पर रंग न डालें। उन्होंने कहा कि त्योहार मनाते समय पर्यावरण और जीव-जंतुओं की सुरक्षा का भी ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि होली का त्योहार आपसी मतभेदों को भुलाकर भाईचारे, सामाजिक एकता और हर्षोल्लास के साथ मनाने का अवसर है। प्रशासन द्वारा लोगों को हुड़दंग से दूर रहकर सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश भी दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्‍द्र द्विवेदी

Share this story