आगर मालवा में चड्डी-बनियान गिरोह का पर्दाफाश, धार से एक आरोपित गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
आगर मालवा में चड्डी-बनियान गिरोह का पर्दाफाश, धार से एक आरोपित गिरफ्तार


आगर मालवा में चड्डी-बनियान गिरोह का पर्दाफाश, धार से एक आरोपित गिरफ्तार


आगरमालवा, 15 सितंबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के आगरमालवा जिले में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय चड्डी-बनियान गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। आगर कोतवाली पुलिस ने लगातार जांच और संदिग्ध ठिकानों पर दबिश के बाद धार जिले से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपित ने आगर कोतवाली क्षेत्र में चोरी की अन्य घटनाओं के साथ शाजापुर की द्वारकापुरी कॉलोनी में भी वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस आरोपित से आगे पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, आगर शहर की अटल कॉलोनी स्थित एक सुनसान मकान में 22 और 23 अगस्त 2026 की दरमियानी रात चोरी हुई थी। चड्डी-बनियान गिरोह के सदस्यों ने मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और नगदी तथा जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद आगर कोतवाली पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर आरोपितों की तलाश तेज कर दी थी।

चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। विवेचना अधिकारी निरीक्षक दिलीप कटारा और उनकी टीम ने आरोपियों की तलाश में लगातार काम किया। पुलिस ने संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के साथ विभिन्न जिलों में भ्रमण कर संदिग्धों की तलाश की।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके अलावा टोल नाकों की निगरानी, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपितों तक पहुंचने के प्रयास किए गए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस को एक संदिग्ध की पहचान करने में सफलता मिली।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कैलसिंह पुत्र डूडिया बामनिया, जाति भील, निवासी छढ़ावत, थाना टांडा, जिला धार, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी से चोरी की घटना की जांच में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। आरोपी से पूछताछ के दौरान आगर कोतवाली क्षेत्र में पहले की गई चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी अहम जानकारी सामने आई है।

पूछताछ में आरोपी ने शाजापुर जिले की द्वारकापुरी कॉलोनी में चोरी की वारदात करना भी स्वीकार किया है। पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े लोगों के संबंध में जांच आगे बढ़ा रही है। अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।

आगर कोतवाली पुलिस आरोपित से लगातार पूछताछ कर रही है। जांच में चोरी की अन्य घटनाओं, गिरोह के सदस्यों और वारदातों के संबंध में और जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story