स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर रातभर सड़क पर डटे रहे इंटर्न डॉक्टर, हमीदिया में आज ओपीडी-इलेक्टिव ओटी का बहिष्कार

WhatsApp Channel Join Now
स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर रातभर सड़क पर डटे रहे इंटर्न डॉक्टर, हमीदिया में आज ओपीडी-इलेक्टिव ओटी का बहिष्कार


स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर रातभर सड़क पर डटे रहे इंटर्न डॉक्टर, हमीदिया में आज ओपीडी-इलेक्टिव ओटी का बहिष्कार


भोपाल, 08 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की मांग को लेकर साेमवार सुबह शुरू हुआ आंदोलन मंगलवार सुबह भी जारी रहा। मुख्यमंत्री निवास की ओर मार्च के दौरान लाठीचार्ज और वॉटर कैनन के इस्तेमाल के विरोध में प्रदर्शनकारी इंटर्न डॉक्टर कमला पार्क की सड़क पर रातभर धरने पर बैठे रहे। मंगलवार को आंदोलन के समर्थन में जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (जेडीए) भी सामने आ गया है। जेडीए के अनुसार आज मंगलवार काे हमीदिया अस्पताल में रेजिडेंट डॉक्टर नियमित ओपीडी और इलेक्टिव ओटी का बहिष्कार करेंगे, हालांकि इमरजेंसी सेवाएं चालू रहेंगी।

जेडीए मध्यप्रदेश के वाइस प्रेसिडेंट अनुराग भारती ने देर रात बताया कि कलेक्टर और सीएमई के साथ बातचीत हुई है, लेकिन इंटर्न डॉक्टर अपनी मांगों पर कायम हैं। डॉक्टरों की मांग है कि स्टाइपेंड में तत्काल बढ़ोतरी की जाए। साथ ही प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज और वॉटर कैनन के इस्तेमाल के लिए जिम्मेदारी तय कर संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाए।

चिकित्सक संगठनों ने जताया विरोध

मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश मालवीय देर रात प्रदर्शनकारी इंटर्न डॉक्टरों से मिलने पहुंचे। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों पर लाठीचार्ज और वॉटर कैनन के इस्तेमाल से चिकित्सक समुदाय में नाराजगी है। उन्होंने घटना को चिकित्सक समुदाय के लिए चिंताजनक बताते हुए कहा कि मांगों का समाधान नहीं होने पर प्रदेश का चिकित्सक समुदाय इंटर्न डॉक्टरों के साथ खड़ा रहेगा।

एबीवीपी ने भी की कार्रवाई की निंदा

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने भी इंटर्न डॉक्टरों पर लाठीचार्ज और वॉटर कैनन के इस्तेमाल की निंदा की है। संगठन ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखना छात्रों का अधिकार है। एबीवीपी ने घायल इंटर्न डॉक्टरों को नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराने, घटना की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों व पुलिसकर्मियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

एफएआईएमए इंडिया बोला- बातचीत से निकले समाधान

एफएआईएमए इंडिया के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. आकाश सोनी ने कहा कि संगठन ने 27 जुलाई को मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री को इंटर्न डॉक्टरों की मांगों को लेकर पत्र लिखा था, लेकिन अब तक इस पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सरकार से बल प्रयोग के बजाय बातचीत के जरिए समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि संवाद के जरिए ऐसे मामलों का समाधान संभव है।

ओपीडी-ओटी प्रभावित, इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी चालू

जेडीए के मुताबिक मंगलवार को रेजिडेंट डॉक्टर हमीदिया अस्पताल की नियमित ओपीडी और इलेक्टिव ओटी का बहिष्कार करेंगे। हालांकि इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। डॉक्टरों का कहना है कि सरकार के साथ बातचीत और मांगों पर ठोस आश्वासन मिलने के बाद आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story