भाजपा प्रदेश कार्यालय में उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद, जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा प्रदेश कार्यालय में उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कार्यकर्ताओं से किया संवाद, जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश


भोपाल, 06 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विषयों पर अधिकारियों से चर्चा कर कई मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण कराया।

संवाद के दौरान उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कार्यकर्ताओं की बात गंभीरता से सुनी और उनकी जनसमस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। जिन मामलों का तत्काल निराकरण संभव नहीं था, उन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई एवं समाधान के लिए भेजा गया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है और आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता और सरकार के बीच सशक्त सेतु की भूमिका निभाते हुए जनहित के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएं।

संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने स्थानीय समस्याओं एवं जनहित से जुड़े विषयों से उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया, जिनके समाधान के लिए उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story