जलाशयों, स्टॉप डैम और चेकडैम में 15 नवंबर तक शटर लगाने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जलाशयों, स्टॉप डैम और चेकडैम में 15 नवंबर तक शटर लगाने के निर्देश


जलाशयों, स्टॉप डैम और चेकडैम में 15 नवंबर तक शटर लगाने के निर्देश


अनूपपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में जल संचय और भू-जल स्तर बनाए रखने के उद्देश्य से सभी जलाशयों, स्टॉप डैम और चेकडैम में 15 नवंबर तक शटर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर रत्नाकर झा ने बुधवार को आयोजित बैठक में जल संरचनाओं के संरक्षण और नाले-नदियों में बोरी बंधान का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों (सीईओ) को कार्यों की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा कर शटर लगाने और बोरी बंधान की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने को कहा। इसका उद्देश्य भू-जल स्तर बनाए रखना और गर्मी के मौसम में पानी की कमी से बचाव करना है।

बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय बांध सुरक्षा प्राधिकरण देश के निर्धारित बांधों की सुरक्षा का नियमित मूल्यांकन कर रहा है। इसके तहत अनूपपुर जिले के 15 जलाशयों की भी जांच की गई है। इनमें जोहिला, कंटूर, नानघाटी, बोहिता, मुनगाटोला, लपटी, जुहिली, बागन, करपा, गिरबी, ताराडढ, लतार, सेमरवार, बेनीबारी और पालाडीगवार जलाशय शामिल हैं।

गौशालाओं की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

कलेक्टर ने गौशालाओं की व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने गौशालाओं के आसपास चारागाह के लिए भूमि आरक्षित करने और बायोगैस प्लांट स्थापित करने की कार्ययोजना पर काम शुरू करने को कहा। गौशाला से मवेशी वापस ले जाने वाले पशुपालकों से नियमानुसार निर्धारित राशि वसूलने के निर्देश दिए गए।

आपात स्थिति में संपर्क के लिए गौशाला परिसरों में प्रमुख अधिकारियों के फोन नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को भी कहा गया। कलेक्टर ने जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। बैठक में ई-श्रम स्कूटी योजना के पात्र हितग्राहियों का पंजीयन बढ़ाने तथा सहकारिता विभाग की नई पैक्स समितियों का काम शुरू कराने पर भी जोर दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775506 Articles

Share this story