राजगढ़ः तेज रफ्तार बस ने कार को पीछे से मारी टक्कर, 12 घायल दो की हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः तेज रफ्तार बस ने कार को पीछे से मारी टक्कर, 12 घायल दो की हालत गंभीर


राजगढ़, 2 दिसम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर पचोर थाना क्षेत्र में ग्राम दुलतारिया जोड़ के समीप मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार बस ने कार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बस परिचालक सहित 12 लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है,जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है।

पुलिस ने मौके से बस को जब्त कर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की। पुलिस के अनुसार हाइवे स्थित ग्राम दुलतारिया जोड़ के समीप प्रज्ञा ट्रेवल्स की तेज रफ्तार बस क्रमांक एमपी 09 एफए 3815 ने शिवपुरी से इंदौर जा रही कार क्रमांक एमपी 09 डीएल 7545 को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार सड़क पर घिसटती हुई किनारे पर जा गिरी वहीं बस डिवाइडर को पार करते हुए विपरीत दिशा की लेन में जाकर रुकी।

हादसे में इंदौर निवासी 14 वर्षीय दीपांश और बस परिचालक 35 वर्षीय पप्पू पुत्र धूलजी राव निवासी मिठ्ठनपुर राजगढ़ को गंभीर चोटें लगी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया। वहीं भानूबाई नामदेव(70) साल निवासी शिवपुरी, वंश नामदेव(12) साल निवासी इंदौर, आरुषी नामदेव (13) साल, देववंती भिलाला(19)साल, किरण नामदेव(52)साल, विशाल नामदेव(13)साल, निकिता (24) साल निवासी सनखेड़ी, प्रतापसिंह वर्मा (64)साल निवासी नापल्याखेड़ी, दुर्गाबाई (28)साल और गीताबाई (50)साल निवासी नापल्याखेड़ी घायल हो गई, जिनका पचोर सिविल अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने मौके से बस को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story