राजगढ़ः नाबालिग ने मामा की कार से तीन वाहनों को मारी टक्कर, डीपीसी की पत्नी समेत तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः नाबालिग ने मामा की कार से तीन वाहनों को मारी टक्कर, डीपीसी की पत्नी समेत तीन घायल


राजगढ़, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम मामा की कार लेकर निकले किशोर ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे डीपीसी आर.के. यादव की पत्नी, सांदीपनि स्कूल के प्राचार्य सज्जन यादव की पत्नी ममता यादव सहित तीन लोग घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाबालिग पहले बस स्टैंड पर एक स्कूटी से टकराया। स्कूटी ममता यादव चला रही थीं, जबकि पीछे डीपीसी आर.के. यादव की पत्नी बैठी थीं। हादसे में डीपीसी की पत्नी के सिर में गंभीर चोट आई। टक्कर के बाद भी चालक नहीं रुका और तेज रफ्तार में कार दौड़ाते हुए बांडीखाली पहुंच गया। यहां उसने सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को टक्कर मारी और आगे चल रहे ऑटो से भिड़ गया। ऑटो की टक्कर से आगे चल रही महिला रत्नाबाई उसकी चपेट में आकर घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डीपीसी आर.के. यादव मौके पर पहुंचे और बस स्टैंड पर यातायात व्यवस्था व पुलिस की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई।

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बांडीखाली पर कार रुकवाकर नाबालिग को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने नाबालिग को अभिरक्षा में लेकर कार जब्त कर ली है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story