राजगढ़ः दो बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत,बुजुर्ग समेत दो गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः दो बाइकों की आमने-सामने से भिड़ंत,बुजुर्ग समेत दो गंभीर


राजगढ़, 25 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र में शनिवार शाम देवखेड़ी-जामुनिया रोड पर तेज रफ्तार और असावधानी के चलते दो बाइकें आमने-सामने भिड़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत नाजुक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया।

पुलिस के अनुसार हादसा देवखेड़ी और जामुनिया के बीच हुआ। दुर्घटना में जामुनिया निवासी 62 वर्षीय कैलाशनारायण पुत्र गंगाराम भील तथा दूसरी बाइक पर सवार 18 वर्षीय रामकृष्ण पुत्र रामचंद्र नागर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सड़क पर अचानक दोनों बाइकें आमने-सामने आ गईं, जिससे किसी को संभलने का मौका नहीं मिला और जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना पर मलावर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story