राजगढ़ः हाईवे पर बस को ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, पांच यात्री घायल

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः हाईवे पर बस को ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर, पांच यात्री घायल


राजगढ़, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर बुधवार अलसुबह तेज रफ्तार ट्रक ने यात्री बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस और ट्रक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में बस में सवार पांच यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हादसा हाईवे पर शिवानी होटल के आगे हुआ। इंदौर से लखनऊ जा रही यात्री बस क्रमांक बीआर 06 पीजी 7704 अपने गंतव्य की ओर जा रही थी। इसी दौरान शाजापुर से लहसुन भरकर असम की तरफ जा रहे ट्रक क्रमांक आरजे 11 सीजी 5012 के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। अचानक हुए हादसे से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे में बस में सवार अभिनव (18) पुत्र रमाकांत अग्निहोत्री निवासी इंदौर, उषा (33) पत्नी संतोषचंद्र, संतोष (36) पुत्र तेजबहादुरचंद निवासी तुलसीपुर नेपाल, मुस्ताक (34) पुत्र प्रसित खान निवासी भिलवाड़ी और प्रदीप (33) पुत्र यदुनाथ सिंह घायल हो गए।सूचना मिलने पर ब्यावरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा नजर रखी जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना में शामिल वाहनों की जानकारी जुटाई है। मामले में ट्रक चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772113 Articles

Share this story