राजगढ़ः हाईवे पर टायर फटते ही बेकाबू हुई नई स्विफ्ट कार, बाइक सवार को मारी टक्कर

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः हाईवे पर टायर फटते ही बेकाबू हुई नई स्विफ्ट कार, बाइक सवार को मारी टक्कर


राजगढ़, 28 जून(हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर शनिवार की रात करनवास थाना क्षेत्र के ग्राम दूधी स्थित होटल के सामने तेज रफ्तार नई बिना नंबर की स्विफ्ट कार का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया।

बेकाबू कार सड़क पार करते हुए सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार 52 वर्षीय मनोहर पुत्र शंकरलाल वर्मा निवासी समेली गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस ने रविवार को कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।

पुलिस के अनुसार बीती रात मनोहर वर्मा ब्यावरा से अपने गांव समेली लौट रहे थे। इसी दौरान पचोर की ओर से आ रही नई स्विफ्ट कार का अचानक टायर फट गया। चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क पार कर सीधे बाइक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार के पैरों में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बिना नंबर की स्विफ्ट कार को जब्त कर चालक के खिलाफ धारा 125(ए), 281 बीएनएस एवं मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story