महंगाई, किसान और शिक्षा के मुद्दों पर जीतू पटवारी का सरकार पर हमला, कांग्रेस चलाएगी ‘दस्तक’ अभियान

WhatsApp Channel Join Now
महंगाई, किसान और शिक्षा के मुद्दों पर जीतू पटवारी का सरकार पर हमला, कांग्रेस चलाएगी ‘दस्तक’ अभियान


भोपाल, 20 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने गुरुवार को विभिन्न जनहित और समसामयिक मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने महंगाई, किसानों को फसल का उचित मूल्य नहीं मिलने, शिक्षा व्यवस्था, शराबबंदी, कथित भ्रष्टाचार और भाजपा के अंदरूनी मतभेदों को लेकर सवाल उठाए। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक भी मौजूद रहे।

राजीव गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए जीतू पटवारी ने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने, 18 वर्ष के युवाओं को मतदान का अधिकार देने तथा सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार के क्षेत्र में लिए गए निर्णयों का उल्लेख किया।

महंगाई को लेकर सरकार पर सवाल

जीतू पटवारी ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का असर सीधे आम आदमी की रसोई पर पड़ रहा है। उन्होंने खाद्य तेलों, चीनी, दूध और दालों के दाम बढ़ने का दावा करते हुए सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के उपायों को लेकर जवाब मांगा। उन्होंने सोयाबीन, मूंगफली और सरसों तेल सहित विभिन्न खाद्य तेलों की कीमतों में वृद्धि का उल्लेख किया। उनका कहना था कि एक ओर उपभोक्ता महंगी वस्तुएं खरीदने को मजबूर है, वहीं दूसरी ओर किसानों को उनकी उपज का अपेक्षित मूल्य नहीं मिल रहा। उन्होंने तुअर दाल के दाम बढ़ने का भी उल्लेख करते हुए कृषि उपज के मूल्य निर्धारण और बाजार व्यवस्था पर सवाल उठाए।

सांची दूध के दाम बढ़ने का मुद्दा उठाते हुए पटवारी ने कहा कि महंगाई का असर आम परिवारों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

भाजपा में अंदरूनी खींचतान का आरोप

पीसीसी चीफ पटवारी ने भाजपा के भीतर कथित मतभेदों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। दतिया में पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों से जुड़े सरकारी आवास खाली कराने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यदि कार्रवाई की जा रही है तो सरकार को इसके मानदंड स्पष्ट करने चाहिए।उन्होंने भाजपा की स्थिति पर तंज कसते हुए कहा, “यह ऐसी ट्रेन है, जिसमें डिब्बे कहते हैं कि इंजन हटा दो और इंजन कहता है कि डिब्बे बदल दूंगा।” पटवारी ने दावा किया कि सत्ता के भीतर कथित खींचतान का असर सरकार के कामकाज पर पड़ रहा है।

शिक्षा व्यवस्था पर श्वेत पत्र की मांग

प्रदेश की स्कूली, उच्च और तकनीकी शिक्षा व्यवस्था को लेकर पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि शिक्षा राजनीति से ऊपर का विषय है और सरकार को सभी पक्षों के साथ संवाद कर व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने रखनी चाहिए।

उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत स्कूलों की स्थिति का जायजा लेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की उपलब्धता, स्कूल भवन, मूलभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों से जुड़ी समस्याओं को सामने लाया जाएगा।

आठ दिन में निर्णय नहीं तो ‘दस्तक’ अभियान

जीतू पटवारी ने कहा कि यदि आठ दिन में शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर सरकार ने ठोस निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश के स्कूलों तक पहुंचकर ‘दस्तक’ अभियान चलाएंगे। पंचायत स्तर से लेकर विधायक स्तर तक कांग्रेस कार्यकर्ता स्कूलों की स्थिति की जानकारी जुटाएंगे और संबंधित समस्याओं को सरकार के सामने रखेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार सकारात्मक कदम उठाती है तो कांग्रेस सहयोग करेगी। लेकिन यदि समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया तो कांग्रेस प्रदेश के सभी संभागों में साइक्लोथॉन यानी साइकिल यात्राएं आयोजित कर जनजागरूकता अभियान चलाएगी।

शराबबंदी और अवैध कारोबार पर अभियान का ऐलान

पटवारी ने प्रदेश में शराबबंदी से जुड़े सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि धार्मिक नगरियों में शराबबंदी की बात के बावजूद अवैध शराब की उपलब्धता को लेकर शिकायतें सामने आती रहती हैं। उन्होंने शराब की कथित होम डिलीवरी और अवैध सप्लाई नेटवर्क पर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अवैध और जहरीली शराब के कारोबार तथा कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अभियान चलाएगी। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल सरकार की आलोचना करना नहीं, बल्कि जनता से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाना है।

राष्ट्रीय मुद्दों को जनता तक पहुंचाने की बात

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पटवारी ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में महंगाई, खाद्य तेलों और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों, आस्था के केंद्रों से जुड़े मामलों, चीन से जुड़े सीमा संबंधी मुद्दों और परिसीमन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को प्रदेश की जनता के बीच ले जाएगी और केंद्र एवं राज्य सरकार से जवाब मांगेगी। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस महंगाई, किसान, शिक्षा, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच रहेगी। उन्होंने कहा कि सरकार को दावों के साथ-साथ जमीनी स्तर पर काम और जनता के प्रति जवाबदेही भी सुनिश्चित करनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story