महंगाई पर नियंत्रण के लिए पेट्रोल-डीजल पर राज्य करों में कटौती की मांग, अजय सिंह ने सरकार से राहत उपायों की अपील की

WhatsApp Channel Join Now
महंगाई पर नियंत्रण के लिए पेट्रोल-डीजल पर राज्य करों में कटौती की मांग, अजय सिंह ने सरकार से राहत उपायों की अपील की


भोपाल, 31 मई (हि.स.)। मप्र विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय सिंह ने प्रदेश में बढ़ती महंगाई को लेकर चिंता जताते हुए राज्य सरकार से पेट्रोल और डीजल पर लगाए जाने वाले राज्य करों (वैट) में 50 प्रतिशत की तत्काल कटौती करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ईंधन की कीमतों में लगातार वृद्धि का सीधा असर परिवहन लागत पर पड़ रहा है, जिससे रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं और खाद्यान्न महंगे होते जा रहे हैं।

अजय सिंह ने रविवार काे अपने बयान में कहा कि पेट्रोल- डीजल की बढ़ी कीमतों के कारण बाजार में जरूरी सामानों के दाम लगभग दोगुने तक पहुंच गए हैं, जिसका सबसे अधिक असर आम और निम्न आय वर्ग के परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने सुझाव दिया कि यदि ईंधन पर करों में कटौती की जाए तो इसका सीधा लाभ परिवहन लागत में कमी के रूप में मिलेगा और बाजार में आवश्यक वस्तुओं की कीमतें स्वतः घटेंगी।

पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने यह भी मांग की कि सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के माध्यम से गेहूं, चावल, दाल, खाद्य तेल और चीनी जैसी आवश्यक वस्तुओं को नियंत्रित दरों पर आम जनता को उपलब्ध कराए, ताकि कमजोर वर्ग को राहत मिल सके। अजय सिंह ने कहा कि महंगाई का सबसे अधिक दबाव गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उनका कहना था कि बढ़ते खर्चों के कारण लोगों के लिए घर चलाना, शिक्षा और दैनिक जरूरतों को पूरा करना कठिन होता जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द राहतकारी कदम नहीं उठाती है, तो जनता को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story