इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस और सरदार पटेल की जयंती पर कांग्रेस सेवादल ने लगाया रक्तदान शिविर

WhatsApp Channel Join Now
इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस और सरदार पटेल की जयंती पर कांग्रेस सेवादल ने लगाया रक्तदान शिविर


भोपाल, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी के बलिदान दिवस और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार को मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम और रक्तदान शिविर आयोजित किया। कार्यक्रम में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इसके बाद शिविर में स्वेच्छा से रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

मध्य प्रदेश कांग्रेस सेवादल के संगठक अवनीश भार्गव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में भोपाल शहर और ग्रामीण जिला कांग्रेस सेवादल के सदस्यों ने सहभागिता की। भोपाल ग्रामीण जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष लोकेश दांगी ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की, जबकि भूपेंद्र सिंह मीणा ने रक्तदान कर सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर अवनीश भार्गव ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। वहीं सरदार वल्लभभाई पटेल का राष्ट्र निर्माण और देशी रियासतों के एकीकरण में योगदान हमेशा याद किया जाएगा। इन महान नेताओं को सच्ची श्रद्धांजलि उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज और देश की सेवा करना है।

भार्गव ने कहा कि रक्तदान केवल सामाजिक गतिविधि नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों की मदद करने का मानवीय संकल्प है। रक्त की जरूरत किसी भी समय किसी मरीज को हो सकती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना जरूरी है। कांग्रेस सेवादल सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ जनसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस सेवादल ने महान नेताओं के विचारों को स्मरण करने के साथ ही रक्तदान के जरिए मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770048 Articles

Share this story