मंदसौरः मेहरबान इंद्रदेव, दूसरे दिन भी जारी रहा बारिश का दौर

WhatsApp Channel Join Now
मंदसौरः मेहरबान इंद्रदेव, दूसरे दिन भी जारी रहा बारिश का दौर


मंदसौर, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को सुबह से देर रात तक जिले के कई हिस्सों में हल्की से तेज बारिश होती रही। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में रुक-रुककर बूंदाबांदी का दौर जारी रहा।

पिछले 24 घंटे में जिले में 1.56 इंच बारिश दर्ज की गई। मंदसौर के अलावा दलौदा, अफजलपुर, सीतामऊ, नाहरगढ़, भानपुरा, गरोठ, सुवासरा, शामगढ़, मल्हारगढ़, पिपलियामंडी, नारायणगढ़, डिगांव और बरखेड़ा सहित अधिकांश क्षेत्रों में बारिश हुई। लंबे समय बाद बारिश की गतिविधियां बढऩे से किसानों को भी राहत मिली है। इधर शिवना के कैचमेंट एरिया मेें भी अच्छी बारिश हुई। जिससे शिवना का जलस्तर भी बढ़ा।

इस सीजन अब तक 17.36 इंच बारिश

मौसम के आंकड़ों के मुताबिक इस मानसून सीजन में जिले में अब तक 17.36 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। हालांकि, पिछले साल इसी अवधि में 19.76 इंच बारिश हुई थी। इस लिहाज से इस बार अब तक करीब 2.40 इंच कम बारिश दर्ज हुई है। जिले में बारिश का वितरण समान नहीं रहा है। कुछ क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई है, जबकि कई इलाकों में अब भी अपेक्षाकृत कम वर्षा दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढऩे पर इस अंतर में कमी आने की उम्मीद है।

आज भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बुधवार को जिले के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मंदसौर और नीमच समेत पश्चिमी मध्यप्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह साफ होने के संकेत नहीं हैं। ऐसे में लोगों को बारिश के दौरान निचले इलाकों, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की जरूरत है।

गांधी सागर डैम का जलस्तर 1298.5 फीट

लगातार हो रही बारिश का असर जिले के जलस्रोतों पर भी दिखाई देने लगा है। गांधी सागर डैम का जलस्तर 1298.5 फीट तक पहुंच गया है। एशिया की बड़ी मानव निर्मित झीलों में शामिल गांधी सागर जलाशय का जलस्तर बढऩा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले दिनों में यदि बारिश का दौर इसी तरह जारी रहता है तो जलाशय के जलस्तर में और बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, तेज बारिश की स्थिति में नदी-नालों के जलस्तर और निचले इलाकों में जलभराव पर भी प्रशासन को नजर रखनी होगी।

5 दिन ऐसा रहेगा मौसम

12 अगस्त: बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना।

13 अगस्त: बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश।

14 अगस्त: बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं।

15 अगस्त: कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश के आसार।

16 अगस्त: रुक-रुककर बारिश का दौर जारी रह सकता है।

बारिश के चलते अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। मंगलवार को मंदसौर में अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story